मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित रामपुर कॉलोनी में एक रेलकर्मी के क्वार्टर में चोरी की घटना सामने आई है। पिछले आठ माह में यह दूसरी बार है जब इसी क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाया है। घटना रविवार को क्वार्टर नंबर 283 जीएच में हुई, जो जमालपुर आदर्श थाना क्षेत्र में आता है। मिली जानकारी के अनुसार रेलकर्मी नंदन कुमार के क्वार्टर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए और अलमारी तथा बक्सों को खंगाल दिया। इस दौरान कई कीमती सामान चोरी कर लिए गए। हालांकि नंदन कुमार फिलहाल शहर से बाहर हैं, इसलिए उनके लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान का पूरा विवरण सामने आ सकेगा। रामपुर कॉलोनी में रेलवे द्वारा कई प्रवेश मार्गों को बंद किया गया है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में कई रेलवे क्वार्टर लंबे समय से बंद पड़े हैं, जो असामाजिक तत्वों का अड्डा बनते जा रहे हैं। इससे रेलकर्मियों के क्वार्टरों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। रेलकर्मी नंदन कुमार ने बताया कि एक वर्ष के भीतर उनके क्वार्टर में यह दूसरी चोरी है। उन्होंने कहा कि पिछली घटना में पुलिस ने केवल प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी पंकज कुमार पासवान ने बताया कि चोरी की घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी को लेकर आवेदन प्राप्त हो गया है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।