जहानाबाद के मौसम का सटीक हाल अब आसानी से मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने जहानाबाद के घोसी प्रखंड स्थित भारथू गांव में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित किया है। यह बिहार का 45वां ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन है। इस वेदर स्टेशन से जहानाबाद के नागरिकों और किसानों को मौसम का ताजा हाल मिलता रहेगा। साथ ही, पड़ोसी जिला गया और सीमावर्ती जिलों के लोग भी जहानाबाद के मौसम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस मशीन से बारिश, तापमान, हवा की दिशा और नमी की मात्रा की सटीक जानकारी मिलेगी। भारथू निवासी और मौसम विभाग के पूर्व निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा स्थापित इस स्टेशन में ऑटोमैटिक रेन गेज यूनिट लगाई गई है। यह जिले की पहली ऐसी मशीन है जिससे मौसम संबंधी जानकारी स्वचालित रूप से मिलती रहेगी। स्थानीय मौसम की मिलेगी जानकारी भारथू उच्च विद्यालय के इंचार्ज दुर्गेश कुमार ने बताया कि इस मशीन से आम लोगों को स्थानीय मौसम की जानकारी मिलेगी। किसानों को कृषि कार्य करने में सहूलियत होगी। विद्यालय में स्थापित होने से छात्रों को भी मौसम विज्ञान के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा। वे हवा की दिशा, तापमान और वर्षा के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस वेदर स्टेशन की स्थापना से जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में मौसम की सटीक भविष्यवाणी संभव हो पाएगी। इससे किसानों को फसल की बुवाई और कटाई के लिए उचित समय का चयन करने में मदद मिलेगी। साथ ही आम नागरिकों को भी अपनी दिनचर्या नियोजित करने में सहायता मिलेगी।