जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर टूटे बिजली खंभे:लोगों के बार-बार शिकायत के बाद भी सो रहा विभाग, बड़े हादसे का इंतजार

जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स रोड स्थित सब्जी मंडी इलाके में एक बिजली का खंभा पूरी तरह टूटकर गिरने की कगार पर है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है। हाई वोल्टेज तारों के भार से झुका यह खंभा मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां दिन-भर सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग (PSPCL) और संबंधित जेई (JE) को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कल हुई एक दुर्घटना में पहले ही काफी आर्थिक नुकसान हो चुका है, लेकिन विभाग किसी बड़े जानी नुकसान का इंतज़ार कर रहा है। बिजली का खंभा अपनी जड़ से पूरी तरह टूट चुका है और केवल बिजली की तारों के सहारे टिका हुआ है। स्थानीय निवासी जगदीश वर्मा और अन्य दुकानदारों ने बताया कि यह खंभा पिछले कुछ दिनों से धीरे-धीरे झुक रहा था, लेकिन कल यह पूरी तरह गलकर टूट गया। स्थिति इतनी भयावह है कि किसी भी समय यह राहगीरों या मंडी में आने वाले लोगों पर गिर सकता है।
स्थानीय लोगों में दिखा रोष स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी इलाके में बीती रात भी एक हादसा हुआ था जिसमें एक ट्रक की चपेट में आने से काफी नुकसान हुआ, लोगों के घरों के टीवी और अन्य बिजली के उपकरण खराब हो गए। इसके बावजूद बिजली विभाग सोया हुआ है। खंभे के ऊपर से हाई वोल्टेज की तारें गुजर रही हैं। यदि यह खंभा गिरता है, तो न केवल बिजली का बड़ा संकट खड़ा होगा, बल्कि इसकी चपेट में आने वाले किसी भी व्यक्ति की जान जाना निश्चित है।
प्रशासन के तरफ से केवल आश्वासन ही मिल रहे मंडी में काम करने वाले व्यापारियों ने बताया कि उन्होंने संबंधित जेई और विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन किया और फोटो भी भेजीं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि काम हो जाएगा, पर जमीनी हकीकत यह है कि खंभा अभी भी मौत बनकर खड़ा है। लोगों का कहना है कि यहां रोज़ाना सैकड़ों महिलाएं और बच्चे सब्जी लेने आते हैं, क्या सरकार और विभाग किसी की मौत के बाद ही जागेगा? सड़क निर्माण के दौरान खंभों की नींव के पास से मिट्टी हटा दी गई थी, जिससे इनकी पकड़ और कमजोर हो गई है। यहां दो ऐसे खंभे हैं जो गंदे नाले के किनारे बेहद खतरनाक स्थिति में हैं। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस खंभे को नहीं बदला गया, तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल, यह टूटा हुआ खंभा प्रशासन की अनदेखी और आम आदमी की जान की सस्ती कीमत का जीता-जागता प्रमाण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *