कांगड़ा के मुबारकपुर-रानीताल एनएच-503 पर ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते होते बच गया। जालंधर से 35 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई। बस क्रैश रोल बैरियर से टकराकर रुक गई, जिससे वह गहरी खाई में गिरने से बच गई। यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई। बस ढलियारा के तीखे मोड़ पर पहुंची, जहां चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए पहाड़ी से जा टकराई। बस में सवार सभी श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वालामुखी मंदिर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 35 श्रद्धालु सुरक्षित हैं। केवल एक लड़की को मामूली चोटें आईं, जिसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढलियारा क्षेत्र के ये मोड़ लंबे समय से हादसों का कारण रहे हैं। यहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।