जालंधर: जिले के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर एक बड़ी खुशखबरी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जालंधर में 28 मार्च से 8 नए आम आदमी क्लीनिक (AAC) में ओपीडी (OPD) सेवाओं की शुरुआत की जा रही है। इन क्लीनिकों के चालू होने से स्थानीय लोगों को घर के पास ही बेहतर और मुफ्त इलाज मिल सकेगा। सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के अनुसार, विभाग ने इन क्लीनिकों के सुचारू संचालन के लिए स्टाफ की नियुक्तियां पूरी कर ली हैं। प्रत्येक क्लीनिक में एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट या क्लीनिक असिस्टेंट तैनात रहेगा। मरीजों का पंजीकरण और उपचार की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। मरीजों को 107 प्रकार की दवाइयां और 47 प्रकार के लैब टेस्ट बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें मुफ्त एंटी-रेबीज वैक्सीन और गर्भवती महिलाओं के लिए फ्री स्कैनिंग की सुविधा भी दी जाएगी। इन क्षेत्रों में शुरू होगी ओपीडी बस्ती शेख, मलको तराड़ (नकोदर रोड), मोहल्ला गांव सुविधा केंद्र (नकोदर), नंगल शामा, रामगढ़िया मोहल्ला, रहमानपुरा और सेवा केंद्र फिल्लौर। इसके साथ ही हेल्थ विभाग ने भविष्य की योजना भी साझा की है, जिसके तहत बुड्ढा मल ग्राउंड, नगर निगम डिस्पेंसरी, गदईपुर, सब्बोवाल एलीमेंट्री स्कूल, सिद्धार्थ नगर, जैमल नगर, लम्मा पिंड, लसाड़ा, बेगमपुरा आदमपुर, चौगिट्टी, सराय खास, गीता कॉलोनी पार्क, स्पोर्ट्स एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स, कालिया फार्म और सलेमपुर में भी जल्द ही नए क्लीनिक खोले जाएंगे।