जालंधर में छप्पड़ में डूबने से युवक की मौत:परिवार ने शव रखकर लगाया जाम, तीन साल में तीसरी मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

जालंधर के गांव कुराड़ी में एक युवक की छप्पड़ में डूबने से मौत हो गई। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जालंधर-पठानकोट हाईवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद हाईवे पर जाम लग गया। यह घटना किशनगढ़ थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान नरिंदर के रूप में हुई है। पिछले तीन सालों में छप्पड़ में तीसरी मौत होने पर गांव वासियों ने हाईवे पर शव रख कर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन युवक का शव बरामद नहीं कर पाई और वापस लौट गई। पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप इसके बाद परिवार ने खुद जेसीबी मंगवाकर छप्पड़ में तलाश शुरू की, जिसके बाद युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस की इस कथित लापरवाही से लोगों में भारी रोष था। पहले भी छप्पड़ में दो लोगों की हो चुकी है मौत नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इसी छप्पड़ में दो लोग गिर चुके हैं।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दिया आश्वासन सड़क पर भारी जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। पुलिस द्वारा जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि वाहनों की कतारें अभी भी लंबी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *