जालंधर के कबीर नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पड़ोस में रहने वाले दो परिवारों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें गाली-गलौज के साथ-साथ एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ काफी पुरानी है। मुख्य झगड़ा पैसों के लेनदेन को लेकर बताया जा रहा है। पीड़ित बोला- उधार पैसे मांगने पर हुआ विवाद पीड़ित व्यक्ति का कहना है कि उसने दूसरे पक्ष को कुछ पैसे उधार दिए थे, जिसे वापस मांगने पर अक्सर तनाव बना रहता था। उन्होंने बताया कि उनकी माता और परिवार के अन्य सदस्यों ने रिश्तेदारी का लिहाज करते हुए पहले कई बार चुप रहना बेहतर समझा, लेकिन दूसरे पक्ष की ओर से बदतमीजी और गाली-गलौज का सिलसिला थमा नहीं। विवाद उस समय शुरू हुआ जब पीड़ित अपने बेटे के साथ बाजार से सामान लेकर वापस लौट रहा था। घर के पास गाड़ी बैक करते समय मामूली सी बात पर बहस शुरू हो गई। पीड़ित का आरोप है कि रोशन लाल, रुपेश, पप्पू और उनके परिवार के अन्य सदस्यों (रोशन की पत्नी और भाई) ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनकी पगड़ी और कपड़ों के साथ भी बदसलूकी की। महिलाओं और बच्चों के साथ बदसलूकी के आरोप पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपियों ने उनकी 16 साल की नाबालिग बेटी को भी नहीं बख्शा। आरोप है कि पिछले दो साल से आरोपी पक्ष उनकी बेटी को गली में रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग करता आ रहा है। इसके अलावा, पीड़ित ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती है और इस तनावपूर्ण माहौल के कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। आरोपियों पर घर की छतों से ईंट-पत्थर और कूड़ा फेंकने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने नहीं की कोई ठोस कार्रवाई घटना के बाद मौके पर पुलिस बुलाई गई। हालांकि, पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस आई तो जरूर लेकिन आरोपियों के खिलाफ उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इन लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए क्योंकि इनका व्यवहार पूरे मोहल्ले के लिए सिरदर्द बना हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष उन पर झूठे केस दर्ज कराने की धमकियां दे रहा है और इलाके में जुआ व अन्य गलत गतिविधियों में संलिप्त होने की बातें भी सामने आई हैं। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है।