जालंधर के मॉडल टाउन स्थित तारामाउंट होटल के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसमें मौजूद एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। आटो रिक्शा में टक्कर मारने के बाद कार सीधे बिजली के खंभे में जा घुसी। इससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि कार का एयरबैग खुल जाने से कार सवार युवकों की जान बच गई। लोगों की मदद से बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जानिए घटना प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी (नंबर PB 08 DB 4757) बहुत तेज रफ्तार में आ रही थी।कार में सवार चार-पांच युवक अत्यधिक नशे की हालत में थे और गाड़ी बहुत तेज गति से चला रहे थे। होटल के पास एक बुजुर्ग अपने ऑटो-रिक्शा को चार्जिंग पर लगाकर पास ही कुर्सी डालकर बैठे थे। अनियंत्रित कार ने पहले ऑटो को अपनी चपेट में लिया, जिससे वह पलट गया और पास बैठे बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद कार खंभे से जा टकराई इतनी शराब पीए थे कि ठीक से खड़े भी नहीं पा रहे थे युवक
टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों का कहना है कि कार के अंदर करीब चार से पांच युवक सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक इतनी ज्यादा शराब पिए हुए थे कि उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। कार की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि रफ्तार कितनी घातक रही होगी।
मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस और पीसीआर की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी और रिक्शा को अपने कब्जे में ले लिया है। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा था कि नशे की हालत में गाड़ी चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डाली गई।
बुजुर्ग की हालत नाजुक घायल बुजुर्ग की हालत नाजुक बताई जा रही है। मौके पर मौजूद राहगीरों और दोस्तों ने इंसानियत के नाते बुजुर्ग को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग का एक हिस्सा (बाजू या पैर) काम नहीं कर रहा है और उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं।
पुलिस मामले की कर रही जांच पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और कार सवार युवकों का मेडिकल टेस्ट करवाया जा रहा है ताकि नशे की पुष्टि आधिकारिक तौर पर की जा सके।