जालंधर में स्पोर्ट्स शॉप और फैक्ट्री में लगी आग:शॉर्ट सर्किट से भड़की, फायर ब्रिगेड और लोगों की मुस्तैदी से बचीं जानें; संपत्ति जली

जालंधर में शुक्रवार देर रात आगजनी की दो घटनाएं सामने आईं। पहली घटना माई हीरा गेट स्थित एक स्पोर्ट्स की दुकान की है, जबकि दूसरी घटना लैदर कॉम्प्लेक्स स्थित एक फैक्ट्री में घटित हुई। दोनों ही मामलों में शुरुआती जांच का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की मुस्तैदी के कारण समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना में व्यापारिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। माई हीरा गेट में स्पोर्ट्स शॉप में लगी आग
पहली घटना माई हीरा गेट स्थित ‘रमन स्पोर्ट्स’ दुकान की है। जानकारी के अनुसार, जब आग लगी तब दुकान बंद थी। आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखा, तो तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक और दमकल विभाग को दी। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि आसपास की दुकानों पर भी खतरा मंडराने लगा था। स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठे हो गए। दुकान बंद होने के कारण लोगों ने साहस का परिचय देते हुए दुकान के ताले तोड़ दिए और आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं। कड़ी मशक्कत और सीमित संसाधनों के साथ लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, ताकि इसे पड़ोस की इमारतों तक पहुंचने से रोका जा सके। ‘रत्न ब्रदर्स’ की फैक्ट्री में लगी आग
अभी प्रशासन पहली घटना से निपट ही रहा था कि दूसरी सूचना लैदर कॉम्प्लेक्स से आई। यहां स्थित ‘रत्न ब्रदर्स’ की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहा आग फैलने का खतरा काफी अधिक था। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी अपनी गाड़ियों के साथ मौके पर रवाना हुए। दमकल विभाग की कार्रवाई
दमकल विभाग के अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें रात करीब 10:25 बजे सूचना मिली थी। विभाग ने तुरंत दो दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजीं। उन्होंने पुष्टि की कि दोनों ही घटनाओं का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट पाया गया है। दमकल कर्मियों ने समय रहते फैक्ट्री में लगी आग को बुझा दिया और इसे बड़े हादसे में तब्दील होने से रोक लिया। कोई जानी नुकसान नहीं हुआ
अधिकारी ने कहा कि इन दोनों हादसों में सबसे अच्छी बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दुकान और फैक्ट्री के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, दुकान और फैक्ट्री के मालिकों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और बिजली विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *