जालंधर में घर के बाहर गली में खेल रही 7 वर्षीय मासूम को एक लापरवाह कार चालक ने कुचल दिया। गंभीर चोटें आने के कारण बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का मुख्य कारण चालक की घोर लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना जालंधर के गुरु नानक पुरा वेस्ट की है। कार चालक मूल रूप से पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वह इस इलाके में रहने वाले अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अपनी कार को गली में मोड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। गली में खेल रही थी राधिका
मृतक बच्ची की पहचान राधिका के रूप में हुई है। राधिका अपने घर के बाहर गली में खेल रही थी, जैसा कि वह अक्सर शाम के समय करती थी। बच्ची अपनी धुन में मग्न थी और उसे अंदाजा भी नहीं था कि एक तेज रफ्तार या लापरवाह मोड़ उसे अपनी चपेट में ले लेगा। बच्ची को संभलने का मौका नहीं मिला
जब कार चालक गाड़ी मोड़ रहा था, तो उसे गली में नीचे खेल रही बच्ची दिखाई ही नहीं दी। उसने बिना देखे या बिना सावधानी बरते गाड़ी को मोड़ दिया, जिससे राधिका कार के टायरों के नीचे आ गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बच्ची को संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिवार में मचा कोहराम
जैसे ही हादसे की आवाज आई और परिजनों ने राधिका को लहूलुहान हालत में देखा, चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग तुरंत इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक मासूम राधिका की सांसें थम चुकी थीं। 7 साल की बच्ची की इस तरह अचानक मौत से परिवार का बुरा हाल है। अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से भागा चालक
बच्ची के पिता सपाए लाल ने बताया कि वो चिकन का काम करता है और लुधियाना में काम के लिए गया था। उसे परिवार ने काल करके बताया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी कि उसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद कार चालक बच्ची को अस्पताल ले जाने की बजाय मौके से भाग गया। उसने बताया कि हादसे की घटना उस घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
वहीं थाना रामामंडी के जांच अधिकारी एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि कार चालक जसविंदर सिंह अपने बेटे का पेपर दिलवाने के लिए जालंधर गुरुनानक पुरा में आया था, जहां उसने बच्ची को कुचल दिया और मौके से भाग गया। परिवार की शिकायत मिलने के बाद चालक को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के बयानों पर बनती कार्रवाई की है। जांच अधिकारी ने बताया की आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281,106 के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।