जालंधर बस स्टैंड फ्लाईओवर पर बुधवार को ओवर स्पीड बाइक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर लगे लोहे के खंभे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक कम से कम 90 से इससे ज्यादा की स्पीड में थी। एक्सीडेंट में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने युवक को उठाकर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस का कहना है कि युवक की जेब से कोई पहचान पत्र नहीं निकाला। उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला चक्का टूटकर अलग हो गया। हादसे के बाद युवक सड़क के बीच में बेहोश होकर गिर गया, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि उन्हें सतलुज चौक के पास ड्यूटी के दौरान फ्लाईओवर पर हादसे की जानकारी मिली थी। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कहा-हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच कर रहे
एएसआई ने बताया कि यह जांच का विषय है कि बाइक सवार सीधे खंभे से टकराया था या किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद घायल हुआ। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।