जालंधर में BJP ने किया प्रदर्शन:बाबा साहेब की प्रतिमा की बेअदबी पर घेरी सरकार, ग्रेनेड हमले को लेकर भी जताया रोष

जालंधर में भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने कंपनी बाग चौक से ज्योति चौक तक पैैदल मार्च निकाला। इस पैदल मार्च में भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और सरकार केवल विज्ञापनों तक सीमित रह गई है। जालंधर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि पंजाब में ‘लॉ एंड ऑर्डर’ की स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी है और भगवंत मान सरकार राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
बाबा साहेब के अपमान पर तीखा हमला
भाजपा नेताओं ने दलित समाज की भावनाओं और बाबा साहेब के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पंजाब में यह नौवीं बार है जब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी की गई है। नेताओं ने तंज कसते हुए कहा की आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दफ्तरों में तो बाबा साहेब की फोटो लगा रखी है, लेकिन उनके दिल में बाबा साहेब के प्रति कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद सरकार और प्रशासन दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है, जो उनकी मंशा पर सवाल खड़े करता है। ग्रेनेड हमला पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मान सरकार को घेरा
चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय पर हुए हालिया ग्रेनेड हमले का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि भले ही वह कार्यालय केंद्र शासित प्रदेश (UT) में आता है, लेकिन वह भाजपा पंजाब का मुख्य केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कोई भी सुरक्षित नहीं है। खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि पन्नू विदेश में बैठकर लगातार पंजाब का माहौल खराब करने की साजिशें रच रहा है और ऐसी वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है, लेकिन पंजाब सरकार इन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में नाकाम रही है। 2027 चुनाव की चेतावनी
प्रदर्शन के अंत में भाजपा नेताओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि पंजाब की जनता सरकार की इन विफलताओं को देख रही है। राज्य में नशा, अपराध और बेअदबी की घटनाएं चरम पर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोग इस कुशासन का जवाब वोट की चोट से देंगे। भाजपा ने मांग की कि सरकार केवल दिखावा छोड़ने के बजाय जमीन पर काम करे और दोषियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजे। एससी आयोग ने भेजा Suo-motto नोटिस पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग अधिनियम-2004 की धारा 10 (2) (h) के तहत स्वप्रेरणा (Suo-motto) से नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस गंभीर मामले की जांच के आदेश देते हुए सीनियर कप्तान पुलिस (SSP),शहीद भगत सिंह नगर को निर्देशित किया है कि वे इस घटना से संबंधित तथ्यों और सूचनाओं की विस्तृत रिपोर्ट एक उप-कप्तान पुलिस (DSP) के माध्यम से 7 अप्रैल 2026 तक व्यक्तिगत रूप से पेश करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *