जालंधर में NRI के घर पर फायरिंग:टॉर्च से घर की पहचान कर गोलियां चलाई, परिवार कुछ दिन पहले इंग्लैंड से लौटा है

जालंधर जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला भोगपुर के नजदीकी गांव भटनूरा लुबाना से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक NRI मंजीत सिंह के घर पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पीड़ित मंजीत सिंह का परिवार इंग्लैंड में रहता था और कुछ समय पहले ही जालंधर लौटा था। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। टार्च से की घर की पहचान, फिर चलाईं गोलियां घटनाक्रम के अनुसार, गांव भटनूरा लुबाना में स्थित एक एनआरआई के घर को निशाना बनाया गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात व्यक्ति गांव में दाखिल होते हैं। वे घर से कुछ दूरी पर अपनी बाइक खड़ी करते हैं और टार्च जलाकर पहले सही घर की पहचान करते हैं। तसल्ली करने के बाद हमलावरों ने घर पर पहली गोली चलाई। इसके कुछ ही पलों बाद उन्होंने दूसरी बार फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बिना किसी खौफ के बड़े आराम से बाइक पर सवार होकर वहां से निकल गए। जांच में जुटी पुलिस फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *