जालंधर के बीएसएफ चौक के पास एक अत्यधिक ऊंचाई वाले ट्रक बिजली की तारों में उलझ गया और रफ्तार के कारण झटका लगने से तार और खंभे टूट गए। तारों के गिरने से यहां अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर का यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और बिजली विभाग की टीम ने तारों को हटाकर करीब एक घंटे बाद रास्ता खुलवाया। जालंधर के व्यस्त इलाके बीएसएफ चौक के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे एक भारी भरकम ट्रक गुजर रहा था। ट्रक में ऊपर तक सामान लदा होने से उसकी ऊंचाई ज्यादा हो गई। इससे यहां ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार ट्रक की ऊपरी हिस्से में उलझ गये। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली के खंभे भी टूट गए और लाइव तारें सड़क पर आ गिरीं। इससे सड़क पर अफरा तफरी मच गई पुलिस और SSF की त्वरित कार्रवाई तारों में करंट होने की वजह से बड़ा हादसा होने का डर था। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मचारी राजिंदर सिंह ने बताया कि करंट के खतरे को देखते हुए तुरंत दोनों तरफ से ट्रैफिक रुकवा दिया गया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब पौने घंटे तक जनता को परेशानी झेलनी पड़ी।
बिजली विभाग ने हथौड़े से काटकर हटाया मलबा घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। विभाग के कर्मचारी हरकीरत सिंह ने बताया कि बड़े ट्रक की चपेट में आने से बिजली का खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कर्मचारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत बिजली काटी और हथौड़े की मदद से टूटे हुए हिस्सों को अलग कर तारों को एक तरफ किया, ताकि रास्ता साफ हो सके। अज्ञात ट्रक की तलाश जारी बिजली विभाग के अनुसार, इस हादसे में सरकारी संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, जिस ट्रक से यह हादसा हुआ, वह मौके से निकल गया था। हरकीरत सिंह ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता बिजली आपूर्ति बहाल करने और रास्ते को सुचारू बनाने की है, लेकिन किस गाड़ी से यह नुकसान हुआ है, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा दिया है और यातायात अब सामान्य रूप से चल रहा है।