गुरदासपुर की बख्शीवाला पुलिस पोस्ट और बटाला के किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमलों के संबंध में अमृतसर पुलिस ने जालंधर से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) हैंडलर को अरेस्ट किया है। इससे पहले पुलिस ने आरोपी के 2 साथियों को अरेस्ट कर उनके कब्जे से 5 ग्रेनेड और 1 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद की थी।
इसी सिलसिले में जांच चल रही थी कि तीसरे आरोपी के जालंधर के गांव माणकराए में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस ने शनिवार देर शाम गांव में छापा मारा और मनवीर सिंह नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
ये कार्रवाई पंजाब पुलिस की खुफि़या शाखा ने की है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खुफिया विंग इससे पहले मनवीर सिंह के साथी गुरदासपुर जिले के दोलानंगल गांव के रहने वाले आकाश मसीह और उसके साथी जबलोन को गिरफ्तार कर चुकी है। आकाश और जबलोन के कब्जे से मिले थे 5 हैंड ग्रेनेड और आरडीएक्स
पुलिस का खुफिया विंग अकाश और जबलोन से बीते साल 2025 में 5 हैंड ग्रेनेड और 1 किलो आरडीएक्स वाली आईईडी बरामद कर चुकी है। यह खुलासा हुआ है कि मनवीर सिंह दोनों साथियों की तरह ही गुरदासपुर के गैंगस्टर और आतंकी मन्नू अगवान के लिए काम कर रहे थे। मन्नू पुर्तगाल से पंजाब में माहौल खराब कर रहा था। अगवान के खिलाफ गुरदासपुर में क्रिमिनल केस हैं और वह पुलिस से बचते हुए विदेश भागने में कामयाब हो गया था। इसके बाद वह आईएसआई के हत्थे चढ़ गया और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गया।
पंजाब में स्लीपर सैल बना रहा था मन्नू अगवान
एजेंसी को जानकारी मिली है कि मन्नू अगवान अब आईएसआई के इशारे पर पंजाब में स्लीपर सेल बना रहा था, ताकि वह पुलिस थानों के अलावा धार्मिक नेताओं और राजनीतिक शख्सियतों को निशाना बनाकर माहौल को बिगाड़ सके। इस दौरान यह पता चला है कि कलानौर गांव के 4 व्यक्तियों को पुलिस ने विदेशी हैंडलर मन्नू अगवान के साथ संबंधों के शक में हिरासत में लिया है। पुलिस को अगवान के साथ उनके मोबाइल फोन पर बातचीत के सबूत भी मिले हैं, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। ये है पूरा मामला पूरा मामला बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के विदेशी हैंडलर मन्नू अगवान द्वारा पंजाब को दहलाने की साजिश से जुड़ा है। इसकी शुरुआत दिसंबर 2024 में गुरदासपुर की बख्शीवाला पुलिस पोस्ट और फिर अप्रैल 2025 में बटाला के किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमलों से हुई थी। इन हमलों के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई जगह रेड की और जुलाई 2025 में मुख्य आरोपी आकाश मसीह को एमपी के इंदौर से गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसके साथी जबलोन और अन्य गुर्गों को 5 हैंड ग्रेनेड और 1 किलो आरडीएक्स के साथ दबोचा गया। इसी कड़ी में 11 अप्रैल 2026 को पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने जालंधर के माणकराए गांव से मनवीर सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पुर्तगाल में बैठे अगवान के इशारे पर धार्मिक नेताओं और पुलिस इमारतों को निशाना बनाने की फिराक में था।