जींद के सफीदों की रंग फैक्ट्री में भीषण आग:2 महिलाओं की जिंदा जलने से मौत; 20 से अधिक मजदूर झुलसे

जींद जिले के सफीदों में शुक्रवार को होली के रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 20 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लगी आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मजदूरों ने बताया कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के बाहर ताला लगा हुआ था, जिसके कारण मजदूरों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया। इससे कई लोग अंदर ही फंस गए और झुलस गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर कुछ मजदूरों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक से दस्तावेज और सुरक्षा मानकों से जुड़ी जानकारी मांगी है। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था प्रशासन द्वारा कराने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *