जींद में युवक पर फायर, मुंह पर किया पेशाब:दोस्तों के साथ बैठा था; निशाना चुकने से बची जान, रॉड-डंडों से पीटा

जींद के सफीदों में एक युवक और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमला हुआ है। नई अनाज मंडी के पीछे हुड्डा ग्राउंड में हुई इस घटना में हमलावरों ने युवक पर फायरिंग की, रॉड से वार किया और अमानवीय कृत्य करते हुए उसके मुंह पर पेशाब भी किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी ‘अरुण शिकारी’ समेत आठ नामजद युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सफीदों के वार्ड नंबर 3 के रविदास मोहल्ला निवासी युवक नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 फरवरी की शाम वह अपने दोस्तों रोहित और अजुमुद्दीन उर्फ छोटू के साथ सफीदों में हुड्डा ग्राउंड में बैठा था। तभी अचानक अरुण शिकारी अपने सात अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और हमला कर दिया। आते ही चलाई गोली, निशाना चूकने से बची जान नवीन के अनुसार, अरुण शिकारी ने आते ही जान से मारने की नीयत से उस पर सीधा फायर किया। गोली उसके कान के पास से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद अरुण ने लोहे की रॉड से नवीन के सिर पर पीछे से वार किया। इससे वह मुंह के बल गिर पड़ा। दोबारा उठने पर फिर वार किया गया। नवीन ने हाथ आगे करके वार को रोका। साथियों ने मिल कर किया हमला अरुण के उकसाने पर उसके साथियों मोहित, अभिनव, कृश, राबड़ी, संजू और आजाद ने भी रॉड और डंडों से नवीन, छोटू और रोहित को बेरहमी से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि पिटाई के बाद अरुण शिकारी ने पैंट की जिप खोलकर उसके मुंह पर पेशाब किया और धमकी दी कि अगली बार पंगा लिया तो जान से मार देगा। घायलों को हायर सेंटर किया रेफर घटना के बाद घायलों को पहले सरकारी अस्पताल सफीदों ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नवीन का इलाज पानीपत के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने 19 फरवरी को उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज पुलिस ने सफीदों थाना में धारा 109(1) हत्या का प्रयास, 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, 191(3) दंगा करना, 190 गैर-कानूनी जनसमूह, 351(2) आपराधिक धमकी देने और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(b) अवैध हथियार रखने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस कर रही छापेमारी, गिरफ्तारी नहीं हुई सफीदों शहर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद से काफी रोष और तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *