जींद जिले के बीबीपुर गांव में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने एक पोल्ट्री फार्म के मालिक और कर्मचारियों को कमरों में ही कैद कर दिया और बाहर से कुंडी लगाकर फार्म से करीब 700 मुर्गे चुरा ले गए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जाजवान गांव के प्रवेश ने बताया कि उन्होंने लतीफ, अनिल और अजीत के साथ मिलकर बीबीपुर में मुर्गी पालन का काम शुरू किया था। फार्म में कुल लगभग 11 हजार 600 मुर्गे थे। इनमें से कुछ को वे बेच चुके थे और लगभग 7,000 मुर्गे मौजूद थे। उसने बताया कि रात को वह और लतीफ फार्म पर बने एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में कर्मचारी राहुल और मनीष थे। सुबह करीब 6:30 बजे जब उनकी आंख खुली, तो उन्होंने पाया कि कमरों की कुंडी बाहर से बंद है। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब वे बाहर आए और फार्म की जांच की, तो पता चला कि वहां से करीब 600 से 700 मुर्गे गायब थे। प्रवेश ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सीआरएसयू पुलिस चौकी प्रभारी की देखरेख में एएसआई रीना ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर थाना सदर जींद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसआई रीना ने जानकारी दी कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।