अररिया जिले के जोगबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 198.96 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गई है। अररिया एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, जोगबनी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि एक बाइक (रजिस्ट्रेशन संख्या BR38Q-7481) पर सवार व्यक्ति टिकुलिया बस्ती के रास्ते से जोगबनी बाजार की ओर स्मैक लेकर जा रहा है। बाइक घुमाकर भागने का प्रयास कर रहे थे तस्कर इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक अररिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल में जोगबनी थाने के कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। टीम ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ शनि मंदिर, टिकुलिया बस्ती के पास वाहन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान, उक्त बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया। सशस्त्र बलों की मदद से दोनों को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम राज कुमार पासवान उर्फ राज पासवान (19 वर्ष), पुत्र अनिल पासवान, निवासी पासवान टोला, वार्ड नंबर-16, थाना जोगबनी, जिला अररिया बताया। दूसरे ने अपना नाम छोटू कुमार राम उर्फ मोहन (20 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामप्रसाद राम, निवासी खजुरबाड़ी कॉलोनी, वार्ड नंबर-15, थाना जोगबनी, जिला अररिया बताया। 103.39 ग्राम स्मैक बरामद तलाशी के दौरान राज कुमार पासवान के पास से 103.39 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक रियलमी स्मार्टफोन बरामद हुआ। वहीं, छोटू कुमार राम के पास से 95.57 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। कुल बरामद स्मैक की मात्रा 198.96 ग्राम है। पुलिस ने बरामद स्मैक, दोनों मोबाइल फोन और बाइक को विधिवत जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कांड संख्या-49/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मिली मदद इस सफल छापेमारी दल में जोगबनी थाना के पुलिस अधीक्षक निरीक्षक विष्णु कांत, गोरख कुमार, मुकेश कुमार, विनोद प्रसाद, विवेक कुमार मंडल और सिपाही मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिली है और आगे के लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।