गोल्डन टेंपल के पूर्व हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी के नेता जगमोहन सिंह राजू के पोस्टरों को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इन पोस्टरों में गोल्डन टेंपल की पवित्र तस्वीरें इस्तेमाल की गई हैं, लेकिन यह तस्वीरें शहर की गंदी और अशोभनीय जगहों पर, जैसे कचरे के ढेर और सार्वजनिक पेशाब करने वाली जगहों के पास चिपकाई गई हैं। ज्ञानी रघबीर सिंह ने इसे सीधे तौर पर गोल्डन टेंपल की मर्यादा की अवहेलना और बेअदबी करने का जतन बताया है। उनका कहना है कि किसी भी राजनीतिक प्रचार के लिए पवित्र स्थानों की तस्वीरों का इस्तेमाल करना स्वयं में गलत है, लेकिन अगर करना ही है तो यह केवल साफ-सुथरी और सम्मानजनक जगहों पर ही किया जाना चाहिए। धार्मिक सम्मान पर चेतावनी उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि इन गंदी जगहों पर लगे पोस्टरों को तुरंत हटा दिया जाए। ज्ञानी रघुबीर सिंह ने चेतावनी दी कि ऐसी हरकतें सिख संगत की भावनाओं को गंभीर रूप से आहत करती हैं और किसी भी राजनीतिक नेता को अपनी लोकप्रियता के लिए गुरुद्वारों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। समाज और धर्म के लिए जिम्मेदार उपयोग ज्ञानी रघबीर सिंह ने यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों की तस्वीरों का उपयोग केवल प्रचार सामग्री में न होकर समाज और धर्म के सम्मान के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे पोस्टरों के खिलाफ आवाज उठाएं और पवित्र स्थानों की सुरक्षा में सहयोग करें।