झज्जर के पेट्रोल पंप से 1.11 लाख रुपए चोरी:सुबह साढ़े 4 बजे ताला तोड़कर घुसे चोर; सीसीटीवी में दिखी वारदात, केस दर्ज

झज्जर जिले के गांव सिलाना के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। शातिर चोर ने पंप के ऑफिस का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 1 लाख 11 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने पंप मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ताला तोड़कर गल्ले से उड़ाई नकदी जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-57 (गांव तिगरा) निवासी मिन्दर का सिलाना गांव की सीमा में ‘जुन फिलिंग स्टेशन’ (इंडियन ऑयल) के नाम से पेट्रोल पंप है। उसने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे चोरी की यह वारदात हुई। पंप के मैनेजर कृष्ण (निवासी सिलाना) ने जब ऑफिस का ताला टूटा देखा, तो तुरंत इसकी सूचना मालिक को दी। पंप मालिक मिंदर ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि ऑफिस के बाहर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा गल्ला भी टूटा मिला, जिसमें रखी 1 लाख 11 हजार रुपए की नकदी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर जब पंप मालिक ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो सुबह करीब 4:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ऑफिस के अंदर चोरी करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई और केस डिटेल शिकायत मिलने के बाद सदर थाना झज्जर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पंप मालिक मिन्दर के बयान दर्ज किए और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों (CCTV) को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर रजिस्टर कर लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि फुटेज में दिख रहे संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *