झज्जर के लेफ्टिनेंट महाराष्ट्र में शहीद:6 साल पहले सेना में हुए भर्ती, माता-पिता के इकलौते बेटे, अभ्यास के दौरान हार्टअटैक

झज्जर जिले के गांव नौगामा से बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव के लाल लेफ्टिनेंट अमित जाखड़ महाराष्ट्र के बेलगांव में अभ्यास के दौरान शहीद हो गए। शहादत की सूचना मिलते ही परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम है और हर जुबां पर वीर सपूत की बहादुरी की चर्चा है। लेफ्टिनेंट अमित जाखड़ ने 23 अप्रैल 2021 को सेना में अपना सफर शुरू किया था। कम समय में ही उन्होंने अपनी लगन, अनुशासन और देशभक्ति से अलग पहचान बनाई। देश सेवा के पथ पर चलते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट अमित स्वीमिंग कर रहे थे कि अचानक उनको हार्टअटैक आ गया। वह अपने माता पिता की इकलौते बेटे थे। परिवार का सेना से रहा गहरा नाता अमित जाखड़ के पिता राज सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं और करीब 3 साल पहले ही रिटायर होकर घर लौटे थे। परिवार का देश सेवा से पुराना जुड़ाव रहा है। बेटे की शहादत ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है, लेकिन इस बलिदान पर गर्व भी उतना ही बड़ा है। आज शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार शहीद लेफ्टिनेंट अमित जाखड़ का अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। गांव नौगामा समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचेंगे। गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *