झांसी में डॉक्टर ने जान दी, प्रोफेसर पत्नी बेहोश:बच्चे-पत्नी के स्कूल जाने के बाद पंखे से लटककर सुसाइड किया

झांसी की बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर राधिका चौधरी के डेंटिस्ट पति ने सुसाइड कर लिया। सोमवार सुबह डॉ. नीरज कुरील ने परिवार के साथ नाश्ता किया। दोनों बच्चे स्कूल चले गए। सुबह लगभग 9 बजे पत्नी राधिका ड्यूटी पर चली गईं। इसके बाद कमरे में पंखे पर रस्सी से फंदा बनाकर झूल गए। जब मेड आई तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। पर दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर पड़ोस की फैमिली बाहर आ गई। तब उन्होंने प्रोफेसर राधिका को सूचना दी। राधिका के आने पर भी काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो गेट पर लगी जाली तोड़ी गई। कुंडी खोलकर पत्नी अंदर गई तो पति का शव फंदे पर लटका हुआ था। ये देखकर पत्नी बेहोश होकर गिर पड़ी। फिलहाल, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के आवासीय परिसर की है। घटनास्थल की तीन तस्वीरें देखिए… क्लीनिक चलाते थे डॉ. नीरज डाॅ. नीरज कुरील का परिवार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के खाती बाबा मंदिर के पास रहता है। उनकी पत्नी राधिका चौधरी बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में इकोनोमिक्स विभाग में प्रोफेसर हैं। 2017 में उनको आवास अलॉट हुआ था। तब से प्रोफेसर राधिका अपने पति नीरज, दोनों बच्चों नैतिक(14) और यशिका(10) के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में 96 आवास के ई-ब्लॉक के ई-4 फ्लैट में रहती थी। बेटा नैतिक कुरील सीकेसी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता है। जबकि 10 साल की बेटी यशिका सनफ्रांसिस स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है। पति डॉ. नीरज का झांसी मेडिकल कॉलेज के सामने शालू डेंटल क्लीनिक के नाम से क्लीनिक हैं। रविवार रात को परिवार एक बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने के लिए गया था। वहां से रात को लौटकर आया। सुबह बेटा और बेटी स्कूल चले गए। इसके बाद राधिका ने पति के साथ नाश्ता किया और यूनिवर्सिटी चली गई। घर में पति डॉ. नीरज अकेले थे। मेड आई तो दरवाजा नहीं खोला यूनिवर्सिटी के चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरके सैनी ने बताया- प्रोफेसर राधिका के जाने के बाद मेड काम करने के लिए फ्लैट पर आई थी। डोर-बेल बजाने पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब उसने पड़ोस की फैमिली को बताया। इसके बाद फैमिली के लोगों ने राधिका को फोन कर सूचना दी। तब वे क्लास छोड़कर घर आई। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो गेट पर लगी लोहे की जाली को तोड़ा गया। कुंडी खोलकर पत्नी अंदर गई तो पति कमरे में लगे पंखे पर फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया था। घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही है। स्कूल से बच्चों को बुलाया गया पिता के सुसाइड करने पर दोनों को स्कूल से बुला लिया गया। दोनों घर आए तो हंसते हुए कार से उतरे। जब उनको घटना की जानकारी दी गई, तो बच्चे भी फूट-फूट कर रोने लगे। घटना के बाद यूनिवर्सिटी फैकल्टी के लोग भी प्रोफेसर के घर पहुंच गए। परिवार के लोग भी आ गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता दरोगा से रिटायर्ड हुए थे डाॅ. नीरज कुरील के पिता जीएल कुरील यूपी पुलिस में दरोगा पद से रिटायर हुए थे। वे झांसी में प्रेमनगर, रक्सा, नवाबाद, कोतवाली समेत अन्य थानों में तैनात रहे। वह बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे। हालांकि कुछ समय पहले उनकी मौत हो गई थी। जीएल सैनी के दो बेटे हैं। नीरज डेंटिस्ट था, जबकि उनका भाई आईटीबीवी में हैं। यूनिवर्सिटी चौकी इंचार्ज निखिल सिंह ने बताया कि नीरज कुरील ने फंदा लगाकर सुसाइड किया है। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके लीवर में दिक्कत थी। सुसाइड किन कारणों की वजह से किया है, इसकी जांच की जा रही है। ………….. ये खबर भी पढ़ें… शंकराचार्य पर रविंद्र पुरी बोले-अगर आरोप सही तो दंड मिले:योगेश्वरी ने कहा- छवि खराब करने की कोशिश; बच्चों से कुकर्म पर संत समाज बंटा प्रयागराज की पॉक्सो कोर्ट ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश 2 नाबालिग बच्चों के गंभीर आरोपों के आधार पर है। कोर्ट के इस आदेश के बाद मामला कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *