टीएमसी सरकार भ्रष्टाचारी व अराजक : सम्राट

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार को भ्रष्टाचारी और अराजक कहा। बोले- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गोरखा, राजबंशी व आदिवासियों का हक छीनकर घुसपैठियों को दे रहीं। वे रविवार को क्रांतिमाल (सिलीगुड़ी) में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तर बंगाल में चाय बागान मजदूरों के हितों की रक्षा व बड़े निवेश का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि “परिवर्तन यात्रा’ बंगाल को कुशासन से मुक्त कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन और विकास के नए युग की स्थापना करेगी। बिहार की भी स्थिति बंगाल वाली थी। जिस तरह अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में सुशासन स्थापित हुआ, उसी तरह बंगाल में भी होगा। भारत को मुगलों, अंग्रेजों और बाद में कांग्रेसियों ने लूटा। उन्होंने लोगों से पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। कहा-तब भारत “सोने की चिड़िया’ नहीं, बल्कि “सोने का शेर’ बनकर दहाड़ेगा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बंगाल में किए गए विकास कार्यों की व्यापक चर्चा की। सम्राट ने कहा कि घुसपैठिए डेमोग्राफी बदल रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ बंगाल की जनता को तभी मिलेगा, जब भाजपा की सरकार बनेगी। 35 वर्षों तक वामपंथी शासन और पिछले 15 वर्षों से टीएमसी सरकार ने बंगाल को विकास की मुख्य धारा से दूर कर दिया। युवा, पलायन करने को विवश हैं। उपमुख्यमंत्री बोले-श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसी भूमि से “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया। यहीं से जनसंघ और भाजपा की नींव पड़ी। नरेंद्र मोदी की सरकार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार किया। धारा 370 को हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *