महेंद्रगढ़ के नारनौल में एक प्राइवेट स्कूल के टीचर की पत्नी घर से सोने के जेवर लेकर फरार हो गई। उसके साथ उसकी मौसी की बेटी भी दिखी। दोनों सोमवार दोपहर पहले चुपके से घर से निकलती हैं, फिर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो जाती हैं। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। पीड़ित टीचर ने बताया कि जब वह दोपहर में स्कूल से घर लौटे तो घर के लोग सो रहे थे। इस दौरान उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली। उसने कई बार पत्नी के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब वो दूसरे रूम में गए तो अलमारी खुली थी। उन्होंने खोला तो उसका लोकर भी खुला था। जैसे ही उन्होंने खोलकर देखा तो वो पूरा खाली था और उसमें से 16 लाख रुपए के जेवर चोरी हो चुके थे। इसे देखते ही वो सारी बात समझ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को कॉल किया। उधर, शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि अभी दोनों आरोपी फरार हैं और हम अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रहे हैं। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 3 साल पहले शादी हुई, बच्चा नहीं रवि कुमार का कहना है कि दूसरी सीसीटीवी फुटेज में दोनों को एक बैग के साथ गली में स्थित एक घर में जाते हुए भी देखा गया। उसके बाद से ही उसकी पत्नी घर नहीं लौटी और न ही वह या उसके परिजन फोन उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी शादी तीन साल पहले 2023 अगस्त में हुई थी। दोनों का कोई बच्चा नहीं है। पुलिस कर रही जांच सिटी थाना के SHO मुकेश कुमार ने बताया है कि उनके पास कल ही शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर बुलबुल और रूही के खिलाफ चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस की जांच टीम को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश जारी है।