टीचर दूल्हे की कार तालाब में गिरी, तैरकर निकला:चंदौली में पंखा चलाकर कपड़े सूखाए, दुल्हन इंतजार करती रही

यूपी के चंदौली में टीचर दूल्हे को लेकर जा रही कार बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। ड्राइवर चलती कार से कूद गया। कार तालाब में समा गई और डूबने लगी। ड्राइवर सीट से दूल्हा निकला और तैरकर बाहर आया। कार के पीछे से बारातियों की गाड़ियां थीं। गाड़ी गिरते ही आसपास के लोग आ गए। इसके बाद दूल्हे ने उनकी मदद से कार में बैठे एक रिश्तेदार और दो लड़कियों को तालाब से निकाला। हादसा मैरिज लॉन से सिर्फ 300 मीटर पहले हुआ। दुल्हन को घटना पता चला तो परेशान नजर आई। बार-बार दूल्हे के बारे में रिश्तेदारों से पूछती रही। हादसे के चलते द्वारचार में दो घंटे की देरी हुई। इसके बाद दूल्हा बग्घी पर सवार होकर रात 11 बजे लॉन पहुंचा और शादी की रस्में पूरी कीं। परिवार ने बताया कि हादसे में दूल्हे का 75 हजार रुपए का स्मार्टफोन, सोने की चेन और अंगूठी भी तालाब में गिर गई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। हादसा मंगलवार रात 9 बजे बबुरी थाना क्षेत्र में हुआ। घटना की तस्वीरें देखिए… दूल्हा पॉलिटेक्निक कॉलेज में लेक्चरर
रामनरेश प्रजापति प्रयागराज के चकिया कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव के रहने वाले हैं। उनके बेटे पवन कुमार प्रजापति (34) अलर्ट पॉलिटेक्निक कॉलेज में लेक्चरर हैं। उनकी शादी बबुरी थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी जवाहिर उर्फ लखेन्दर प्रजापति की बेटी शालू से तय हुई थी। शालू ग्रेजुएट हैं। उनके दो भाई कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षक हैं। पिता किसान हैं। शादी बबुरी के एक लॉन में होनी थी। बारात दूल्हे के घर से बबुरी के लिए निकली थी। स्विफ्ट कार में पवन के अलावा घर की दो लड़कियां और एक रिश्तेदार सवार थे। दूल्हा तैरकर निकला, क्रेन से निकलवाई गई कार
दूल्हा आगे की सीट पर था। रास्ते में ड्राइवर ने गाड़ी रोककर शराब पी। नशे में उसने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाई, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर गेट खोलकर कूद गया और कार तालाब में गिर गई। ड्राइवर साइड का गेट खुला होने से पहले दूल्हा बाहर निकला। वह 20 से 25 मीटर तैरकर बाहर आ गया। तब तक आसपास के लोग पहुंच गए थे। दूल्हे ने उनकी मदद से दोनों लड़कियों और रिश्तेदार को बचाया। तब तक कार आधी से ज्यादा तालाब में डूब चुकी थी। इसके बाद रात में क्रेन मंगवाकर कार बाहर निकलवाई गई। दूसरी गाड़ी में कपड़े बदलकर पहुंचा
हादसे के बाद दूल्हे को दूसरी गाड़ी में बैठाया गया और कपड़े बदलवाए गए। इसके बाद वह लॉन पहुंचा, जहां शेरवानी पहनकर दोबारा बारात निकाली गई। दूल्हा रात 11 बजे बग्घी पर सवार होकर पहुंचा। कार में रखे सभी कपड़े भीग गए थे, जिन्हें बाराती लॉन के एक कमरे में पंखा चलाकर सुखाते रहे।
पिता बोले- शराब के नशे में था ड्राइवर
दूल्हे के पिता रामनरेश प्रजापति ने बताया कि चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण कार तालाब में गिर गई। हादसे में दूल्हे का 75 हजार रुपए का स्मार्टफोन, सोने की चेन और अंगूठी पानी में खो गई। दूल्हे के बड़े भाई चंद्रभान कुमार प्रजापति ने बताया कि चालक को शराब पीने से मना किया गया था, इसके बावजूद वह नशे में गाड़ी चला रहा था। बबुरी के प्रभारी थानाध्यक्ष विभूति नारायण राय ने बताया कि कार तालाब में गिर गई थी, लेकिन सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ————-
ये खबर भी पढ़ें…
भाजपा विधायक के बेटे ने टोलकर्मी को मारा थप्पड़, VIDEO:आगरा में बैरियर न उठाने पर हुआ विवाद, गाड़ी से उतरते ही पीटने लगा

आगरा में फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश ने टोलकर्मी को थप्पड़ मारे। पहले टोल देने को लेकर टोलकर्मी से बहस हुई। तभी सुरेश गुस्से में गाड़ी से उतरा और टोलकर्मी को 2 थप्पड़ मार दिए। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *