फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के डांगरा रोड पर स्थित ड्राई फ्रूट के थोक विक्रेता गौरव ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर बुधवार देर शाम लूट की घटना हुई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए। जाते समय आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग भी की और शुक्रवार को फिर से आने की धमकी दी। इस दौरान, दुकान के बाहर काम कर रहे कर्मचारी करमजीत को बदमाशों ने पिस्तौल के पिछले हिस्से से मारा, जिससे उसके हाथ में चोट आई। मामले की सूचना पुलिस डीएसपी उमेद सिंह, सीआईए, शहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली और विधायक परमवीर सिंह ने भी दुकानदार का हालचाल जाना। स्पलेंडर बाइक पर आए तीन युवक दुकानदार धीरज मेहता ने बताया कि वह अपनी दुकान में काम कर रहे थे, तभी अचानक स्पलेंडर बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने पिस्तौल तानकर रुपयों की मांग की और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। जाते समय आरोपियों ने दुकान की तरफ फायरिंग की और खुद को ‘बच्ची गैंग’ से संबंधित बताते हुए शुक्रवार को फिर से आने की धमकी दी। आरोपी बोले-फिरौती लेने आए हैं दुकान के कर्मचारी करमजीत ने बताया कि जब वह दुकान के बाहर काम कर रहा था, तो उसने बदमाशों से पूछा कि उन्हें क्या चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि वे फिरौती लेने आए हैं और उसे पीछे हटने के लिए कहकर उसके हाथ पर चोट मार दी। पुलिस की चार टीमें गठित की डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि धीरज मेहता की दुकान से तीन आरोपी फायरिंग कर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं। आरोपियों ने खुद को किसी गैंग से संबंधित बताया है। उम्मीद है, जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।