डबवाली में कर्ज से परेशान युवक ने किया सुसाइड:पेड़ पर लटका मिला शव, कई दिनों से परेशान था अविवाहित

सिरसा जिले के डबवाली खंड के गांव रामपुरा बिश्नोईयां में 24 वर्षीय एक युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान मानविंद्र सिंह पुत्र मल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मानविंद्र पिछले कई दिनों से वित्तीय संकट के कारण परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। यहां जानिए पूरा मामला मानविंद्र सिंह जंडवाला जाटान रोड पर स्थित अपनी ढाणी में रहता था। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य ढाणी से बाहर थे। इसी दौरान मानविंद्र ढाणी से सलाम खेड़ा रोड पर स्थित अपने खेत में चला गया और वहां गले में साफा डालकर पेड़ से लटक गया। आसपास के लोगों ने मानविंद्र को पेड़ से लटका देखा, तो उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने खेत में पहुंचकर मानविंद्र को पेड़ से लटका पाया, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पारिवारिक सदस्यों से जानकारी जुटाकर इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई है। मृतक अविवाहित था और दो भाइयों में से एक था। वह खेतीबाड़ी के कार्य में अपने परिवार का हाथ बंटाता था। गांव के रामबाग में मृतक का दाह संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *