डिवाइडर से टकराई कार, सगे भाइयों समेत 3 की मौत:2 ही बेटे थे, 2 दोस्त घायल; फाजिल्का में डील कर घर लौट रहे थे

फाजिल्का जिले के अबोहर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 2 सगे भाइयों समेत 3 युवकों की मौत हो गई। वहीं, 2 युवक घायल हुए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान उदय (24), विशाल (22) और रमन (22) के रूप में हुई है। इनमें उदय और विशाल सगे भाई थे। माता-पिता के ये दोनों ही बच्चे थे। इनके जाने से पूरा परिवार उजड़ गया है। इनमें से उदय शादीशुदा था। उसके 2 बच्चे हैं। जबकि, रमन इनकी बुआ का लड़का था। वहीं, घायलों में रोशन और अनमोल शामिल हैं। ये सभी अबोहर के पास गांव बलुआणा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक बागों में किन्नू तोड़ने का ठेका लेते थे। कल रात भी ये एक डील फाइनल कर लौट रहे थे। रात को फोन पर परिजन को सूचना मिली अस्पताल पहुंचे परिजन ने बताया है कि उन्हें रात करीब डेढ़ बजे किसी का फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि हमारे बेटों का एक्सीडेंट हो गया। उन्हें अबोहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। हम जब अस्पताल पहुंचे तो 3 युवकों की मौत हो चुकी थी। वहीं, दो को प्राथमिक उपचार देकर फरीदकोट रेफर कर दिया गया। घायलों को अस्पताल ले जाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब सवा 1 बजे यह हादसा हुआ है। युवकों की गाड़ी हनुमानगढ़ रोड की तरफ से आ रही थी और रोटी चौक की ओर पुल से उतर रही थी। पुल से कार उतरते समय हादसा उन्होंने बताया कि पुल से उतरते हुए गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा था। इसलिए, इसका ड्राइवर इसे कंट्रोल नहीं कर पाया और गाड़ी सामने बने चौक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का आगे का हिस्सा पिचक गया और चौक भी टूट गया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार में सवार 2 युवकों की मौत मौके पर ही हो गई थी। जबकि, 3 युवक उसमें पड़े कराह रहे थे। उन सभी को कार से निकालकर अबोहर सिविल अस्पताल ले गए। इसके साथ उनके फोन से मिले नंबर से इनके परिजन को सूचित किया। साथ ही पुलिस को बताया। SHO बोले- हम जांच कर रहे इस मामले में सिटी-1 थाने के SHO रविंदर सिंह ने बताया कि तीनों युवकों के शवों को अबोहर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। आज उसका पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें इनके परिजनो को सौंप दिया जाएगा। वहीं, घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद फरीदकोट रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। उनके बयान लिए जा रहे हैं। लोगों ने बताया है कि ब्रेक फेल होने यह हादसा हुआ है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *