चंडीगढ़ | भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को पंचकूला के सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्य अतिथि होंगे। बड़ौली ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के साथ सेक्टर-5 परेड ग्राउंड का दौरा किया। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। बड़ौली ने कहा कि 13 अप्रैल को स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव होगा व पूरे प्रदेश में जयंती उत्साह से मनाई जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि मंडियों में एमएसपी पर खरीद सुचारू है और किसान संतुष्ट हैं। साथ ही उन्होंने पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत के निधन पर शोक व्यक्त किया।