ड्राइविंग सीखते समय मां-बेटी की मौत:करनाल में ब्रेक की जगह रेस पर पैर, बच्ची का सिर शीशे से लगा, सदमे में मां की जान गई

हरियाणा के करनाल में नई गाड़ी में ड्राइविंग सीख रही एक महिला की कार पेड़ से टकरा गई। आगे पिता की गोद में बैठी उनकी 5 साल की बेटी उछलकर शीशे से जा टकराई, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत का सदमा मां बर्दाश्त नहीं कर पाई और दो घंटे बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिए। सोमवार को दोनों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। महिला की एक 7 महीने की बेटी भी है। अब घर में सिर्फ पिता और 7 महीने की बच्ची रह गए हैं। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… यूकेजी क्लास में थी अयांशी बृजेश सक्सेना करनाल के केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (CSSRI) में टेक्निकल ऑफिसर हैं। उनकी पत्नी आरती (35) पंचकूला में एस्टेट ऑफिस में जॉब करतीं थी। इनकी दो बेटियां थीं। पांच साल की अयांशी यूकेजी क्लास में पढ़ती थी। जबकि दूसरी बच्ची 7 महीने की है। नई कार खरीदी थी, पत्नी सीख रही थी बृजेश के दोस्त विकास ने बताया कि बृजेश ने 5 महीने पहले नई कार (वेन्यू) खरीदी थी। उनकी पत्नी कार ड्राइविंग सीखना चाहती थी। 12 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे आरती CSSRI परिसर में अपने पति से कार चलाना सीख रहीं थी। उस समय बृजेश ड्राइविंग के साइड वाली सीट पर थे और अयांशी उनकी गोद में बैठी थी। ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबाया विकास के मुताबिक, कार सीखते वक्त आरती ने कंट्रोल खो दिया। अचानक उनका पैरा ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर चला गया। कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अयांशी का सिर शीशे से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। तभी उसको अस्पताल की तरफ लेकर दौड़े लेकर रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में आरती की मौत विकास ने बताया कि अयांशी की मौत की खबर सुनकर आरती को गहरा सदमा लगा। उसकी हालत बिगड़ने लगी। ब्रिजेश उसके तुरंत अमृतधारा अस्पताल ले गया। करीब पौने 8 बजे अस्पताल में आरती ने भी दम तोड़ दिया।
जांच अधिकारी बोले- पोस्टमॉर्टम कराया रामनगर थाने से जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे में मां और बेटी की मौत हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर करनाल के मॉर्च्युरी हाउस में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को दोनों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *