तंदूर सेंकने वाली सरिया से हमला कर युवक की हत्या:प्रयागराज में खाली प्लॉट में पेशाब कर रहे थे बाराती, विरोध करने पर युवक को मार डाला

प्रयागराज में शादी समारोह में विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। गेस्ट हाउस के बाहर बाराती खाली प्लॉट में पेशाब कर रहे थे। विरोध करने पर लोगों ने चापड़ और लोहे की सरिया से युवक पर ताबड़तोड़ 6-7 वार किए। युवक खून से लथपथ युवक वहीं गिर गया और कुछ ही मिनटों में उसकी जान चली गई। हत्या की खबर मिलते ही बवाल शुरू हो गया। तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना पर नैनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को शांत कराने और शव को कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन परिजन शव के पास बैठ गए। पुलिस करीब 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल है, जिसे अभी नहीं पकड़ा गया है। पूरी घटना नैनी थाना क्षेत्र के मड़ौका इलाके में गुरुवार रात में हुई। अब जानिए पूरा मामला…. खाली पड़े प्लॉट में पेशाब करने पर हुआ विवाद मड़ौका के रहने वाले ननकऊ की बेटी की शादी गुरुवार को थी। बारात कुशवाहा गेस्ट हाउस में आई हुई थी। देर रात करीब 12 बजे बाराती खाना-पीना और नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बाराती पास में रहने वाले राजेश निषाद के खाली पड़े प्लॉट में पेशाब करने चले गए। उसी प्लॉट में राजेश की गाड़ी खड़ी थी। राजेश ने गाड़ी के पास पेशाब करने का विरोध किया। इस पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर गाली-गलौज और फिर मारपीट होने लगी। इसी बीच ननकऊ का भतीजा अंकित कनौजिया भी वहां पहुंचता है। आरोप है कि अंकित गेस्ट हाउस में तंदूर पर रखी लोहे की सरिया उठा ली। उसी सरिये से राजेश के चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद चापड़ से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राजेश खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अंकित कनौजिय पुलिस में कॉन्स्टेबल है। वह कहीं बाहर पोस्टेड है। छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने आया था। हत्या के बाद गेस्ट हाउस में बवाल राजेश की मौत की खबर फैलते ही गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर नैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर ब्रज किशोर गौतम और एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह भी भारी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने पहले भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, फिर शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। लेकिन परिजनों ने शव को हाथ नहीं लगाने दिया। उनका कहना था कि पहले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी हो, तभी शव उठाया जाएगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 100 मीटर की दूरी पर था मकान नैनी इंस्पेक्टर ब्रज किशोर गौतम ने बताया- जिस कुशवाहा गेस्ट हाउस में बारात आई थी, वहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर राजेश का मकान है। उसके पास में ही खाली प्लॉट है। इस प्लॉट में राजेश के माता-पिता की समाधि बनी हुई और राजेश की गाड़ी होती है। बाराती इसी प्लॉट में टॉयलेट कर रहे थे। राजेश ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। मारपीट में राजेश की मौत हो गई। परिजनों ने तहरीर दी है। करीब 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। —————– यह खबर भी पढ़ें- यूपी में 20 हजार पदों पर आउटसोर्स से होंगी भर्तियां:426 करोड़ बजट बढ़ा; 16 हजार सैलरी मिलेगी; जानिए और क्या फायदे होंगे
यूपी की योगी सरकार ने चुनाव से पहले आउटसोर्स से 20 हजार से ज्यादा पद भरने की तैयारी कर ली है। इसके संकेत इस विभाग के बढ़ाए गए बजट से मिले हैं। सरकार ने इस बार बजट में 426 करोड़ का इजाफा करते हुए 2223.84 करोड़ रुपए जारी किए हैं। पढ़ें पूरी खबर….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *