तरनतारन पुलिस ने सरपंच हरबिंदर सिंह हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस एनकाउंटर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पट्टी के जल्लोके के पास हुई, जहां बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। दरअसल, 18 फरवरी की दोपहर को हल्का पट्टी के गांव शेरों में एक शादी समारोह के दौरान सरपंच हरबिंदर सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। दो दिन पहले भी हुई थी मुठभेड़ इससे पहले, 22 फरवरी को भी पुलिस की नौशेरा पन्नू कस्बे में बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान मुख्य आरोपी शरणप्रीत को गिरफ्तार किया गया था, जो सरपंच हरबिंदर सिंह हत्याकांड में नामजद था। शरणप्रीत खडूर साहिब के गांव चोहला साहिब का निवासी है और हत्या के समय शादी समारोह में मौजूद था। बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से पिस्तौल भी बरामद की है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ करेगी, जिससे मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।