तरनतारन जिले में बदमाशों ने लूट के इरादे से बाइक सवार दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना गांव सरहाली के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दर्शन सिंह पुत्र सोहन सिंह अपनी पत्नी हरजिंदर का इलाज कराकर गांव सरहाली से लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार लुटेरों ने पीछे से उन पर धारदार हमला कर दिया। लुटेरों ने उनसे पर्स छीनने का प्रयास किया और उन पर हमला कर दिया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से बाइक गिर गई, और बदमाशों ने दंपती पर वार कर दिए। दर्शन सिंह और उनकी पत्नी हरजिंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पातल ले जाते वक्त हुई व्यक्ति की मौत एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सत्यापन के बाद पता चला कि दर्शन सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उनकी पत्नी हरजिंदर का इलाज चल रहा है। एसएसपी लांबा ने बताया कि तरनतारन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। एक डीएसपी की देखरेख में शहर की जांच के लिए 2 टीमें काम कर रही हैं। एसपी (डी) तरनतारन रिपोतपन सिंह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, जिसमें डीएसपी सिटी और डीएसपी पट्टी उनकी सहायता कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।