तरनतारन जिले के कलसियां कलां गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर 5 लाख 75 हजार रुपए कीमत की प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। विभागीय टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी अमृतसर के कुलविंदर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्हें शिकायत मिली थी कि तरनतारन जिले के कलसियां कलां गांव में एक मेडिकल स्टोर मालिक प्रतिबंधित दवाएं बेच रहा है। इस सूचना पर थाना भिखीविंड के हेड इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह और ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर अमृतसर-5 गुरदीप सिंह के नेतृत्व में कलसियां कलां स्थित हीरा मेडिकल स्टोर पर अचानक छापेमारी की गई। मेडिकल स्टोर मालिक नहीं दिखा सका दस्तावेज छापेमारी के दौरान टीम को 3300 नशीली टैबलेट और 13,200 नशीले कैप्सूल मिले। इन दवाओं का बाजार मूल्य 5 लाख 75 हजार 850 रुपये आंका गया है। मेडिकल स्टोर का मालिक मौके पर इन दवाओं से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। कुलविंदर सिंह ने बताया कि जब्त की गई दवाओं का इस्तेमाल कई लोग नशे के रूप में करते हैं। टीम ने सभी बरामद दवाओं को अपने कब्जे में ले लिया है और संबंधित दुकान को तत्काल सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई की पूरी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों और जिले के डिप्टी कमिश्नर को भेज दी गई है। उनके आदेश पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।