तलाक केस में ज्योति सिंह बुधवार को आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में पहुंची। पवन सिंह कोर्ट नहीं पहुंचे। उनके वकील ने बताया कि वो अस्पताल में भर्ती हैं। अब मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी। इधर, जज के सामने आज ज्योति सिंह ने कहा है कि मैं अपने पति के साथ ही रहना चाहती हूं। कोर्ट में ही ज्योति सिंह ने पवन सिंह का थोड़ी देर इंतजार किया। वो नहीं पहुंचे। इसके बाद ज्योति सिंह कोर्ट से भावुक होकर निकलीं। तलाक से जुड़े इस मामले में कोर्ट में रिकॉन्सिलिएशन यानी सुलह की प्रक्रिया जारी है, ताकि दोनों पक्ष आपसी मतभेद को खत्म कर किसी समझौते पर मामला पहुंच सकें। 7 मार्च 2018 को पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी की थी। 30 अक्टूबर 2021 को पवन सिंह ने तलाक की अर्जी दी थी। 26 मई 2022 को दोनों के तलाक का मामला आरा कोर्ट पहुंचा। आज ज्योति सिंह हरी साड़ी पहने और मांग में सिंदूर लगाकर आरा सिविल कोर्ट पहुंचीं, जिसे लेकर कोर्ट परिसर में चर्चा का माहौल बना रहा। पवन सिंह के साथ रहना चाहती हैं ज्योति कोर्ट पहुंचते ही ज्योति सिंह ने जज के सामने अपनी दलीलें स्पष्ट रूप से रखीं और पति की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि ‘मैं तलाक की अर्जी से सहमत नहीं हूं और इस मामले में आगे भी कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हूं। मैं अपने पति के साथ ही रहना चाहती हूं।’ बता दें कि पवन सिंह ने आरा सिविल कोर्ट के कुटुंब न्यायालय में पत्नी ज्योति सिंह से तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। भोजपुरी स्टार पवन सिंह सोमवार (5 जनवरी) को 40 साल के हो गए। उनके बर्थडे पार्टी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पवन सिंह के बगल में सिंदूर लगाए एक्ट्रेस महिमा सिंह खड़ी दिख रही हैं। बर्थडे पर महिमा सिंह के साथ पवन सिंह का वीडियो आने के बाद सोशल मीडिया पर अब उनकी तीसरी शादी की चर्चा हो रही है। कई यूजर्स का कहना है कि पवन सिंह ने तीसरी शादी कर ली है। ज्योति ने पवन सिंह पर क्या आरोप लगाए हैं? 5 अक्टूबर 2025 को ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर 2 नए और बड़े आरोप लगाए… 1. चुनाव में दूसरी महिला के साथ होटल में रहते थे ज्योति ने कहा कि लोग पूछते हैं कि हमने जब लोकसभा चुनाव में साथ प्रचार किया तो अलग क्यों हो गई। आज मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि पवन सिंह ने मुझे चुनाव के समय इस्तेमाल किया। मैंने उन्हें चुनाव में मदद की, प्रचार किया और उसी समय वो दूसरी महिला के साथ होटल में जाते थे। इसे कोई भी शरीफ महिला बर्दाश्त नहीं करेगी। इसलिए मैं वहां से चली गई। 2. मुझे डिटेन और प्रताड़ित किया जा रहा है ज्योति ने कहा, ‘मुझे घर में क्यों नहीं रख रहे हैं? आज जब मैं अपने पति के घर आई हूं तो मुझे डिटेन किया जा रहा है। प्रताड़ित किया जा रहा है। क्या ऐसे ही पावर स्टार पवन सिंह समाज का कल्याण करेंगे? महिला का उद्धार करेंगे? जो अपनी पत्नी के साथ न्याय नहीं कर सकता, वो समाज के साथ क्या न्याय करेगा?’ पवन और ज्योति की शादी कब हुई और दोनों के बीच विवाद कब से है? ज्योति, पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। दरअसल, पवन सिंह की पहली शादी 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही नीलम ने सुसाइड कर लिया था। इसके 3 साल बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने ज्योति से यूपी के बलिया में शादी की। शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के रिश्तों में खटपट शुरू हो गई। ज्योति ने पवन पर अबॉर्शन कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। 2021 में पवन सिंह ने ज्योति से तलाक लेने के लिए आरा के फैमिली कोर्ट में अर्जी लगाई। अभी केस पेंडिंग हैं। 2024 में जब पवन सिंह काराकाट से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे तो ज्योति ने उनके लिए प्रचार किया। तब खबरें आई कि दोनों में सुलह हो गई है। हालांकि, चुनाव नतीजे आने के बाद दोनों के अलगाव की खबरें आने लगी। ज्योति बार-बार साथ रहने की अपील करती रहती हैं। ज्योति सिंह पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं पहली पत्नी ने शादी के तीन महीने बाद किया था सुसाइड पवन सिंह ने अपने बड़े भाई की साली नीलम सिंह से 1 दिसंबर, 2014 को शादी की थी। शादी के सभी फंक्शन काफी धूमधाम से हुए थे। मगर, शादी के तीन महीने बाद 8 मार्च, 2015 को नीलम ने मुंबई में पवन सिंह के फ्लैट में पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया। इस आत्महत्या के बाद पवन सिंह का नाम विवादों में घिर गया था। पवन सिंह की भाभी ने नीलम की मौत का रीजन बताते हुए कहा था कि पवन सिंह अपने काम में काफी व्यस्त हो गए थे। जिस कारण नीलम मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगी थीं। देर रात घर लौटने और पत्नी को समय न दे पाने की वजह से नीलम ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि, अभी भी पवन सिंह अपनी पहली पत्नी को अक्सर करके याद करते रहते हैं। 2018 में पवन सिंह ने ज्योति से दूसरी शादी की पवन सिंह ने अचानक ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी। शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। साल 2022 में ज्योति ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। उस समय उन्होंने पवन पर मारपीट और जबरन गर्भपात कराने जैसे आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि पवन ने उन्हें शादी के बाद परेशान किया। ज्योति ने यह खुलासा भी किया कि पवन का संबंध पहले भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह से था। अक्षरा 3 महीने की गर्भवती थीं और पवन हमेशा कहते थे कि अक्षरा उनकी पत्नी है। पवन सिंह मेरे सामने लड़की को होटल ले गए बिहार चुनाव के दौरान ज्योति सिंह अपने पति से मिलने लखनऊ वाले फ्लैट गई थी। मगर उन्होंने आरोप लगाया कि जब ज्योति घर पहुंचीं तो पवन सिंह वहां मौजूद थे। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे बातचीत हुई। फिर पवन सिंह बाहर चले गए। थोड़ी देर में पुलिस आ गई। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। ज्योति ने कहा था- ऐसे इस घर से नहीं जाऊंगी। यहां से मेरी अर्थी ही उठेगी। ज्योति सोशल मीडिया पर लाइव आईं। फूट-फूटकर रोते हुए कहा- ‘पवन जी ने पुलिस थाने में FIR की है। मुझे लेने के लिए पुलिस आई है। मैं इतना परेशान हो चुकी हूं कि जहर खाकर मर जाऊंगी। 2024 में लोकसभा चुनाव खत्म होने के 20 दिन बाद पवन सिंह मेरे सामने एक लड़की लेकर होटल गए थे। मैं एक पत्नी होने के नाते यह बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसलिए घर वापस आ गई थी।’