नारदीगंज पंचायत के दरियापुर गांव में बुधवार को दस दिवसीय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का आयोजन बाबा ठाकुर स्थान में किया जा रहा है। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुट गए। पंडित सुबोध पांडेय, सुदीप पांडेय, सुमित पांडेय और शालिग्राम पांडेय ने तिलैया नदी में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जल भराई कराई। श्रद्धालुओं ने हरे कृष्ण, हरे राम के जयघोष के साथ कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा पहले गांव में भ्रमण के लिए निकली। इसके बाद नदी से जल भरा गया। श्रद्धालुओं ने कलशों को बाबा ठाकुर स्थान में विधिवत स्थापित किया। कथावाचक की भूमिका पंडित सुबोध पांडेय निभा रहे हैं। मुख्य यजमान विकास कुमार और कुमकुम देवी हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में जितेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, अनिल सिंह, सीताराम सिंह, संजय सिंह, विपिन सिंह, रौशन कुमार और राजीव कुमार समेत कई ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। यह आयोजन 11 जुलाई को हवन-पूजा के साथ संपन्न होगा। बाबा ठाकुर स्थान ग्राम देवता का स्थल है। यहां कई दशकों से यह परंपरा चल रही है। गांव में शादी-विवाह समेत हर शुभ कार्य से पहले लोग यहां माथा टेकने जरूर आते हैं। पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीण कृषि कार्यों में जुट जाएंगे।