हरियाणा के हांसी में JJP नेता दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी से स्कूटी सवार बुजुर्ग की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर दूर जाकर गिरे और बेहोश हो गए। फिल्हाल बुजुर्ग की हालत सीरियस बताई जा रही है। जेजेपी वर्करों ने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी छाती पर गंभीर चोट लगी है। डॉक्टरों का कहना है कि चेकअप के बाद ही उनकी स्थिति के बारे में बताया जा सकता है। जजपा के यूथ राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला हांसी की अनाज मंडी में 13 मार्च को होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान हांसी- जींद रोड पर ये हादसा हुआ। उधर, दिग्विजय चौटाला का कहना है कि बुजुर्ग रॉन्ग साइड से आ रहे थे। जजपा जिलाध्यक्ष खुद उनका हालचाल जानने अस्पताल गए हैं। जजपा वर्करों ने अस्पताल में भर्ती कराया घायल व्यक्ति की पहचान हांसी की दयाल सिंह कॉलोनी निवासी बसाऊदिन (65) के रूप में हुई है। बुजुर्ग किसी काम के सिलसिले में हांसी कोर्ट की तरफ जा रहे थे। तभी दिग्विजय के काफिले में चल रही एक गाड़ी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग की स्कूटी दूर जाकर गिरी। हादसे में बुजुर्ग बेहोश हो गए। उनकी छाती और सिर में गुम चोट लगी है। घायल बुजुर्ग को दिग्विजय के सुरक्षाकर्मियों ने सड़क किनारे लेटाकर उनके हाथ- पैरों पर मालिश की। इसके बाद जजपा वर्करों ने ही घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया। अभी उनकी हालत सीरियस बनी हुई है। अब 3 पॉइंट में पढ़िए…JJP की रैली की मायने हरियाणा के 23वें जिले हांसी में जननायक जनता पार्टी 13 मार्च को रैली करने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के 65वीं जन्मदिन पर हांसी में जनचेतना दिवस के रूप में राज्य स्तरीय रैली की तैयारी की जा रही है। जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में सजा पूरी होने के बाद डॉ. अजय सिंह चौटाला के सम्मान में यह पहली रैली होगी। इस रैली को अजय सिंह चौटाला के लंबे राजनीतिक वनवास के खत्म होने के रूप में देखा जा रहा है। पॉलिटिकल एक्पसर्ट्स का कहना है कि इस रैली में अजय चौटाला चुनाव लड़ने की घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में सजा की वजह से अभी तक उनके चुनाव लड़ने पर रोक थी। हांसी के नया जिला बनने के बाद जननायक जनता पार्टी ऐसा पहला दल है, जो यहां सबसे पहले रैली कर रहा है। हांसी पहले हिसार जिले की ही तहसील थी। दिग्विजय बोले- रॉन्ग साइड से आए बुजुर्ग हादसे पर दिग्विजय चौटाला का कहना है कि उनके काफिले ने किसी को टक्कर नहीं मारी है। हमारा काफिले की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी हुई थी। हम रैली की तैयारियों का जायजा लेने जा रहे थे। इसी दौरान काफिले की एक गाड़ी का दरवाजा खुला तो रॉन्ग साइड से आ रहे बुजुर्ग ने खिड़की में टक्कर मार दी। इसके हमारे वर्करों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जजपा के जिलाध्यक्ष खुद बुजुर्ग के साथ अस्पताल में हैं। उनका इलाज करवा रहे हैं।