मोगा में बदमाशों ने बरनाला नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े पीआरटीसी बस को लूट लिया। बस संगरूर जा रही थी। सवारी बैठाने के बहाने रुकवाया और रुकते ही ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी बस में चढ़ गए, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने कंडक्टर सुरजीत सिंह की बेरहमी से पिटाई की। उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं व उनकी पगड़ी तक उतर गई। इसके बाद बदमाश ने उसका पैसों से भरा बैग छीन लिया। हालांकि सवारियों का सामान नहीं लूटा गया। बस में करीब 50 सवारियां थीं। घटना के बाद सवारियों ने पुलिस को कॉल कर इसी सूचना दी, लेकिन एक घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में गुस्सा देखनें को मिला। उन्होंने सरकार और पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। स्कॉर्पियो में आए बदामश जानकारी के अनुसार, मोगा-बरनाला नेशनल हाईवे पर साेमवार (23 फरवरी) दोपहर करीब 3:40 बजे पीआरटीसी की बस (नंबर 13वी एआई 1171) मोगा से संगरूर जा रही थी। यह बस जैसे ही गांव डाला के पास पहुंची, तो स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने सवारी चढ़ाने के बहाने इसे रुकवाया। इसके बाद बदमाशों ने बस ड्राइवर और कंडक्टर पिटाई की और कैश बैग छीनकर फरार हो गए। कुछ ही देर बाद एक और पीआरटीसी बस (पीबी 19 एम 2351 नंबर) भी उसी स्थान पर रुक गई। एक घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची इस घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के एक घंटे बाद तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। यात्रियों ने इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। बस में सवार यात्रियों, जिनमें कश्मीर कौर और रंजीत कौर शामिल थीं, ने बताया कि बदमाशों ने कंडक्टर सुरजीत सिंह की बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने उसकी पगड़ी उतार दी और उसके सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। यात्रियों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। मामले की जांच कर रही पुलिस थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ने कहा कि शाम करीब 4 बजे पुलिस को 112 पर सूचना मिली की, मोगा से संगरूर जा रही बस के कंडक्टर का झगड़ा हो गया। इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। आरोपियों का पता चलने पर पुलिस ने उनके घर गई, लेकिन वह घर पर नहीं मिले । फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। ***************** ये खबर भी पढ़ें: चंडीगढ़ के फ्रेगरेंस गार्डन में युवती की हत्या: गले पर चाकू मारकर भागा बॉयफ्रेंड; मरने से पहले मां से फोन पर बोली- मुझे बचा लो चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित फ्रेगरेंस गार्डन में एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसे उसके बॉयफ्रेंड ने मिलने के बहाने पार्क में बुलाया था। इसके बाद उसके गले पर चाकू मारकर भाग गया। इस दौरान युवती की मां का फोन आ गया, जिसे रिसीव कर युवती बोली- मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है। 36 के पार्क में हूं। बचो लो। (पढ़ें पूरी खबर)