दिल्ली-कार की टक्कर से 6 साल की बच्ची की मौत:नानी के साथ ई-रिक्शा से स्कूल जा रही थी; परिवार बोला- किसी ने मदद नहीं की

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में तेज रफ्तार कार सेंट्रो की टक्कर से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 7.40 बजे की है। इसमें बच्ची की नानी मर्सी जेवियर भी गंभीर घायल हुई हैं। उन्होंने बताया- मैं नातिन को ई-रिक्शा से स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी तेज रफ्तार कार ने हमारे रिक्शे को टक्कर मारी। मुझे कुछ समझ आता उससे पहले मैं सड़क पर गिर गई। जब होश आया तो मेरी नातिन मेरे पास पड़ी थी। मेरा हाथ खून से भीगा था। जेवियर ने बताया कि मैंने वहां मौजूद लोगों से मदद मांगी, कार वाले से मदद का कहा, लेकिन वह भाग गया। मेरी किसी ने मदद नहीं की। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना पर पुलिस ने बताया कि आरोपी कार ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। जहां घटना हुई वहां के सीसीटीवी फुटेज भी निकाला जा रहा है। बच्ची की मां बोलीं- लापरवाह ड्राइविंग पर नियंत्रण जरूरी घटना पर पीड़ित मां ने कहा- मैं एक अस्पताल में काम करती हूं। यहां के एक कर्मचारी ने मुझे बताया था कि मेरी मां सड़क पर रो रही हैं। मेरी बेटी सांस नहीं ले पा रही है। लापरवाह ड्राइविंग पर कंट्रोल जरूरी है। एक सेकेंड में किसी की भी जान जा सकती है। पुलिस इस पर एक्शन ले। इससे ज्यादा हमें कुछ नहीं कहना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *