दुबई से लौटे व्यापारी का दो मंजिला भवन जमींदोज:50 लाख से अधिक का नुकसान , करनाल SP से की उच्च स्तरीय जांच की मांग

करनाल के थाना मधुबन क्षेत्र अंतर्गत गांव कम्बोपुरा में बसताड़ा निवासी व्यापारी अनुज सिंघल ने आरोप लगाया है कि उनकी गैर-मौजूदगी में उनके दो मंजिला भवन को अवैध रूप से ढहा दिया गया और वहां रखा कीमती सामान भी चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) करनाल को शिकायत देकर निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। दुबई से लौटने पर खुला मामला
शिकायत के अनुसार, अनुज सिंघल ने वर्ष 2012 में गांव कम्बोपुरा में लगभग 3 बीघा 17½ जमीन खरीदी थी और उस पर अपने कार्य से संबंधित दो मंजिला भवन का निर्माण कराया था। वर्ष 2017 में वह व्यापारिक कार्य से दुबई चले गए। हाल ही में दुबई से लौटकर जब वे अपनी जमीन पर पहुंचे तो पाया कि उनका निर्मित दो मंजिला भवन पूरी तरह से तोड़ा जा चुका है। 50 लाख से अधिक का नुकसान
पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात व्यक्तियों ने न केवल भवन को जमींदोज किया बल्कि वहां रखा निर्माण सामग्री व अन्य कीमती सामान भी गायब कर दिया। इस घटना से उन्हें लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक हानि हुई है। जांच में नाम आने के बाद बदला अधिकारी?
अनुज सिंघल ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रारंभिक जांच थाना मधुबन के एचसी कुलदीप द्वारा की जा रही थी। पीड़ित का आरोप है कि एसएचओ मधुबन ने अचानक ही जांच अधिकारी को बदल दिया गया। इससे उन्हें जांच की निष्पक्षता पर संदेह है। एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित ने एसपी करनाल को लिखित शिकायत देकर आशंका जताई है कि मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें थाना स्तर पर न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच किसी निष्पक्ष वरिष्ठ अधिकारी या विशेष जांच एजेंसी से करवाई जाए ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और उन्हें हुए नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *