दुबई से हिमाचल की बेटी उमा का दावा:बोली-मीडिया में बमबारी और मिसाइल गिरने की खबरें भ्रामक, सब पहले की तरह सामान्य

यूएई के दुबई में रह रही हिमाचल की बेटी उमा शुरटा ने अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लेकर भारतीय मीडिया की रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए। उमा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा कि न्यूज चैनल और सोशल मीडिया में दुबई में भारी बमबारी दिखाई जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। उमा कहती हैं कि कुछ भारतीय चैनल टीआरपी के लिए बढ़ा-चढ़ाकर खबरें दिखा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना पुष्टि के प्रसारित की जा रही खबरों पर भरोसा न करें। उमा के मुताबिक, पूरे यूएई, खासकर दुबई में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं और वे खुद भी वहीं मौजूद हैं, लेकिन यहां हालात सामान्य हैं। उमा ने कहा कि दुबई में जनजीवन पूरी तरह सामान्य है। मेट्रो सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं, दफ्तर खुले हैं और कहीं भी अफरा-तफरी का माहौल नहीं है। 2 मार्च को दोपहर बाद 4:45 बजे उमा ने एक नया वीडियो जारी कर दावा किया कि वह योग के इवनिंग सेशन के लिए जा रही हैं। मौसम सुहावना बना हुआ है, ठंडी-ठंडी हवा चल रही है और दुबई में सब कुछ सामान्य चल रहा है। इंटरसेप्टर के दौरान मलबा गिरा: उमा उमा ने माना कि इंटरसेप्टर के दौरान कभी-कभी थोड़ा मलबा गिरने से हल्का धुआं उठता दिखाई जरूर देता है, जिसे सोशल मीडिया पर बमबारी के तौर पर पेश किया जा रहा है। दुबई में मिसाइल गिरने की खबरों को झूठा बताया उमा ने कहा कि अभी तक दुबई में एक भी मिसाइल नहीं गिरी है। “सोशल मीडिया पर ऐसा माहौल बनाया जा रहा है मानो यहां लगातार बमबारी हो रही हो, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है,” उन्होंने कहा। झूठी खबरों के कारण घबराए परिजन उमा ने बताया कि झूठी और भ्रामक खबरों के कारण दुबई में रह रहे लोगों के परिजन घबराए हुए हैं। दुबई की सच्चाई दिखाने के लिए उमा अपने माता-पिता को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल करती हैं और उन्हें न डरने व सब ठीक होने की बात कहती है। माता-पिता से बातचीत का यह वीडियो उमा सोशल मीडिया में शेयर कर देती है। शिमला के चौपाल की रहने वाली हैं उमा उमा शुरटा शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र की रहने वाली हैं। वह दुबई में बतौर योग टीचर कार्यरत हैं। वह, सोशल मीडिया पर सामाजिक मुद्दों पर लोगों की जागरूकता से जुड़े वीडियो भी पोस्ट करती रहती हैं। खाड़ी देशों में 25 हजार से ज्यादा हिमाचली बता दें कि दुबई समेत खाड़ी देशों में हिमाचल प्रदेश के 25 हजार से ज्यादा लोग बताए जा रहे हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध से इन लोगों के परिजन चिंतित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *