देवबंदी मौलाना जावेद अख्तर पर भड़के:बोले- देवबंद ने आतंकवादी संगठन का स्वागत नहीं किया, अफगान विदेश मंत्री की मेहमान नवाजी की

सहारनपुर के देवबंदी मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कवि-गीतकार जावेद अख्तर पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा- देवबंद ने किसी आतंकवादी संगठन का नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के विदेश मंत्री का स्वागत किया है। जो भारत सरकार की विदेश नीति के तहत एक आधिकारिक मेहमान थे। जिस चीज को कुछ लोग ‘शर्म’ कह रहे हैं। वह दरअसल हिंदुस्तानी तहजीब की पहचान मेहमान नवाजी है। उन्होंने कहा- जावेद अख्तर का देवबंद की मेहमाननवाज़ी को आतंकवाद का समर्थन बताना नासमझी है। जो लोग आज हमें ताने दे रहे हैं। उन्हें शायद यह मालूम ही नहीं कि मेहमान क्या होता है? हमारे बुज़ुर्गों ने हमें यह सिखाया है कि मेहमान चाहे किसी भी मजहब, जात या मुल्क से आए। उसका सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। देवबंद ने वही किया जो एक शरीफ हिंदुस्तानी करता है। दरअसल शनिवार (11 अक्टूबर) को अफगानिस्तानी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद पहुंचें। वहां मुत्तकी का भव्य स्वागत हुआ था। ये देखकर लिरिक्स राइटर जावेद अख्तर भड़क गए। उन्होंने अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर लिखा- ‘देवबंद पर भी शर्म आती है कि उन्होंने ऐसे व्यक्ति को अपना “इस्लामी हीरो” कहकर सम्मानित किया। स्वागत का अर्थ ये नहीं कि हम तालिबान की हर नीति से सहमत हैं
मंगलवार को देवबंद के उलेमा और जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक मौलाना कारी इसहाक गोरा ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा- इस स्वागत का यह अर्थ नहीं कि देवबंद या भारतीय मुसलमान तालिबान की हर नीति से सहमत हैं। हम लड़कियों की शिक्षा पर रोक को कभी सही नहीं ठहराते। इस्लाम ने इल्म को हर मर्द और औरत पर फर्ज किया है। मगर बातचीत और सुधार का दरवाजा बंद कर देना किसी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने जावेद अख़्तर के बयान को ‘भावनात्मक और अधूरी जानकारी पर आधारित’ बताया। जो लोग टीवी स्टूडियो में बैठकर हर मुद्दे पर भाषण देते हैं। उन्हें जरा यह भी समझना चाहिए कि देवबंद का किरदार सिर्फ एक संस्था का नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के अदब, इल्म और इख़लाक़ का प्रतीक है। एक मुलाक़ात या स्वागत से देवबंद का इतिहास मिट नहीं जाता। कहा कि हमें दूसरों के शोर से नहीं, अपनी तहज़ीब से चलना चाहिए। मेहमान का सम्मान हमारी रगों में है। सुधार की आवाज हमारे दिल में। दोनों को साथ रखना ही असली हिंदुस्तानियत है। अब पढ़िए जावेद अख्तर ने क्या लिखा था
अफगानिस्तानी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक भारत दौरे पर हैं। दारुल उलूम देवबंद में स्वागत होने पर लिरिक्स राइटर जावेद अख्तर भड़क गए। अपने ऑफिशियल X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर इस मामले पर नाराजगी जाहिर कर लिखा है- ये देखकर मेरा सिर शर्म से झुक जाता है, जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन तालिबान के प्रतिनिधि को किस तरह का सम्मान और स्वागत दिया जा रहा है, वो भी उन्हीं लोगों द्वारा जो हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ मंचों पर आवाज उठाते हैं। आगे उन्होंने लिखा, ‘देवबंद पर भी शर्म आती है कि उन्होंने ऐसे व्यक्ति को अपना “इस्लामी हीरो” कहकर सम्मानित किया, जो उन लोगों में से हैं जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। मेरे भारतीय भाइयों और बहनों, आखिर हमारे साथ क्या हो रहा है?’ विवादों में है अफगानिस्तानी विदेश मंत्री का भारत दौरा
शुक्रवार यानी 10 अक्टूबर को आमिर खान मुत्तकी ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी, जिसमें महिला पत्रकारों को नहीं बुलाया गया। इस बात पर विवाद हो गया। इसके बाद शनिवार को दोबारा दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई, जिसमें महिला पत्रकारों को न सिर्फ बुलाया गया, बल्कि पहली लाइन में बैठाया गया। दैनिक भास्कर ने महिला पत्रकार स्मिता शर्मा, सुहासिनी हैदर और कादंबिनी शर्मा से बात की। तीनों अमीर खान मुत्तकी की दूसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थीं और उनसे तीखे सवाल पूछे। वे कहती हैं कि महिला होने की वजह से ऐसा भेदभाव हमारे साथ कभी नहीं हुआ। एक अफसोस इस बात का है कि तालिबान के मंत्री ने ऐसा किया, दूसरा अफसोस है कि भारत सरकार ने ऐसा होने दिया। सरकार ने अब तक आपत्ति तक दर्ज नहीं कराई है। ……………………… ये खबर भी पढ़िए- प्रेमानंद महाराज के लिए मदीना में दुआ, VIDEO:प्रयागराज से गए युवक ने कहा-अल्लाह इन्हें जल्द स्वस्थ करे प्रयागराज के मुस्लिम युवक ने मदीना से संत प्रेमानंद महाराज के लिए दुआ की। युवक का नाम-सूफियान इलाहाबादी है। वह प्रयागराज के नखास कोना का रहने वाला है। सूफियान उमरा करने मदीना गया है। सूफियान ने एक मिनट 20 सेकंड का वीडियो जारी किया। इसमें पीछे मदीना की मस्जिद नजर आ रही है। सूफियान के हाथ में मोबाइल है। इसमें प्रेमानंद की तस्वीर दिख रही है। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *