धर्मशाला में ‘महिला मंडल’ के नाम पर लाखों की ठगी:शातिर महिला ने चिटफंड से जुटाए 20 लाख रुपए; कई परिवारों की जमा-पूंजी डूबी

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला उपमंडल के सुधेड़ गांव में ‘ब्रजेश्वरी महिला मंडल’ के नाम पर एक महिला द्वारा ग्रामीणों, खासकर महिलाओं से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अनुमान है कि आरोपी महिला लगभग 20 लाख रुपए से अधिक की राशि लेकर फरार हो गई है। इस घटना से कई परिवारों की जमा-पूंजी डूब गई है, जिससे बेटियों की शादी और बच्चों की पढ़ाई जैसी योजनाएं प्रभावित हुई हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने करीब एक साल पहले ‘ब्रजेश्वरी महिला मंडल’ का गठन किया था। शुरुआत में उसने कुछ महिलाओं को समय पर पैसे लौटाकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद उसने ग्रामीणों को बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। कई ग्रामीणों ने उसके झांसे में आकर अपने जेवर गिरवी रखे और उधार लेकर भी इस कमेटी में पैसा लगाया। रातों-रात गायब हुई आरोपी महिला जैसे ही कुल जमा राशि लगभग 20 लाख रुपए तक पहुंची, आरोपी महिला अपने घर पर ताला लगाकर रातों-रात फरार हो गई। पीड़ितों में एक महिला ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर यह रकम लगाई थी, लेकिन अब शादी सिर पर है और उसके पास पैसे नहीं हैं। कई परिवारों के पास बच्चों की स्कूल फीस भरने तक के पैसे नहीं बचे हैं। दिहाड़ी-मजदूरी करने वाली महिलाओं ने भी अपनी मेहनत की कमाई इस चिटफंड में लगाई थी। पीड़ित महिलाओं ने दर्ज करवाई शिकायत इस धोखाधड़ी के बाद प्रियंका शर्मा और अन्य पीड़ित महिलाओं ने धर्मशाला थाना में सामूहिक शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस को एक शिकायत पत्र सौंपा है, जिसमें आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शुरू की जांच कांगड़ा के एएसपी आरपी जसवाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपी महिला से पूछताछ करेगी। पुलिस ने दी चेतावनी पुलिस प्रशासन ने जनता को ऐसी चिटफंड योजनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा है कि बिना किसी कानूनी पंजीकरण या बैंक गारंटी के चलने वाली कमेटियों में पैसा न लगाएं। ऊंचे रिटर्न के लालच में आने से पहले किसी भी संस्था की विश्वसनीयता और वैधानिक अनुमति की जांच अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *