धोती-कुर्ता पहन 42 किमी दौड़ा हरियाणा का ‘सिक्स पैक ताऊ’:30 हजार रनर्स के बीच मैराथन में मेडल जीता; रोज 800 सपाटे लगाते, दिनचर्या-डाइट जान लोग हैरान

हरियाणा के सोनीपत के ‘सिक्स पैक’ वाले ताऊ संजय उर्फ काला पहलवान ने दिल्ली में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन तय समय से पहले पूरी कर अपना पहला मेडल जीत लिया। हरियाणवी धोती-कुर्ता पहनकर दौड़े सोनीपत के इस ‘सिक्स पैक ताऊ’ ने 31 देशों और 490 शहरों से आए 30 हजार से अधिक धावकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। दौड़ के दौरान संजय उर्फ काला पहलवान ने अंतिम चरण में अपनी गति तेज की और फिनिश लाइन से करीब तीन किलोमीटर पहले एक विदेशी अंग्रेज धावक को पीछे छोड़ते हुए मेडल जीता। पारंपरिक पहनावे में दौड़ते हुए उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। राजधानी में मिली इस उपलब्धि के बाद सोनीपत पहुंचने पर युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और उनकी फिटनेस व जज्बे की सराहना की। वैश्विक मंच पर दिखाया देसी दम दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कॉग्निजेंट दिल्ली हाफ मैराथन के 11वें संस्करण में 31 देशों और 490 शहरों से 30 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से धावक इसमें शामिल हुए। 2, 5, 10, 20 और 42 किलोमीटर की श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिता में 42 किलोमीटर की दौड़ सबसे चुनौतीपूर्ण रही। यह आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसिज और वर्ल्ड एथलेटिक्स से मान्यता प्राप्त है। मैराथन में हिस्सा लेते काला पहलवान की PHOTOS… अखाड़े से मैराथन तक का सफर कभी सक्रिय पहलवान रहे संजय को परिस्थितियों के कारण अखाड़ा छोड़ना पड़ा था। उन्होंने अपने बेटे को पहलवानी में आगे बढ़ाया और खुद भी रोजाना कड़ी ट्रेनिंग जारी रखी। नियमित व्यायाम और संतुलित आहार की बदौलत उन्होंने लंबी दूरी की दौड़ में भी दमखम दिखाया। रेस पूरी करने के तुरंत बाद उन्होंने एक युवक के साथ 20 सपाटे लगाकर अपनी फिटनेस का प्रदर्शन भी किया। अब 100 किलोमीटर की तैयारी यह मैराथन उनके जीवन का पहला मेडल लेकर आई है। संजय उर्फ काला पहलवान का अगला लक्ष्य 100 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में हिस्सा लेना है। उनका कहना है कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यहां जानिए सिक्स पैक वाले ताऊ की पूरी कहानी…. अब काला पहलवान की दिनचर्या और डाइट जानिए…. रोज 700-800 सपाटे लगाते काला पहलवान रोज स्टेडियम के ट्रैक पर ही ईंटें रखकर 700-800 सपाटे मारते हैं। अक्सर युवा एथलीट उन्हें देखकर हैरान हो जाते हैं और कई बार उनके सपाटे गिनते भी हैं। युवा एथलीट उनसे अपना कुर्ता उतारकर मसल्स दिखाने का आग्रह भी करते हैं। वे दावा करते हैं कि यदि रनिंग छोड़ दें, तो 2000 सपाटे तक लगा सकते हैं, और पहले भी कई बार 800 सपाटे रनिंग के बाद लगा चुके हैं। बीम एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग के साथ उनकी रोजाना 4 घंटे की कड़ी प्रेक्टिस होती है। रोज बादाम रगड़ कर पीते उन्होंने बताया कि एक्सरसाइज के बाद रोज घर पर भिगोए गए 65-70 बादाम को कुंडी में रगड़ा लगाते हैं, फिर उसका जूस पीते हैं। दूध मिल गया तो पी लेते हैं, वैसे जरूरी नहीं। इसके अलावा खाने में रोटी-दाल-सब्जी या चटनी जो मिल जाए वो खा लेते हैं और कोई विशेष डाइट नहीं लेते। आजकल के युवा जो प्रोटीन शेक जैसे सप्लीमेंट लेते हैं, उनकी कोई जरूरत नहीं। बीमारी के सवाल पर वह हंसते हैं और कहते हैं कि भगवान की दया से कभी ऐसी नौबत नहीं आई। उन्होंने तो अपना ब्लड ग्रुप तक नहीं पता, कभी जरूरत ही नहीं पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *