नगरा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया, बोले- दहेज में कार और नगद पैसे मांग रहे थे

सारण जिले के नगरा थाना क्षेत्र के अफौर रामचौरा गांव में सोमवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान जितेंद्र कुमार राय की 28 वर्षीय पत्नी सरिता कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल स्थित कमरे में बेड पर मिला। मृतका के पिता कमल राय ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि नवंबर में शादी के तीन माह बाद से ही उनकी बेटी को दहेज में चारपहिया वाहन और अतिरिक्त नकद राशि की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, रविवार रात सूचना मिलने पर जब वे ससुराल पहुंचे, तो सरिता का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। इस दौरान घर के सदस्य मौके से गायब थे, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस टीम और डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। नगरा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह भी नगरा थाना पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की और थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीपीओ ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को भी कहा। मृतका के पिता कमल राय के बयान पर ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *