नवजोत सिंह सिद्धू ने अब अपने घर का बंटवारा भी कर दिया है। उन्होंने अमृतसर स्थित मकान को अपनी बेटी राबिया और पटियाला स्थित पुश्तैनी मकान को बेटे करन को दिया है। इस संबंध में उन्होंने एक पोस्ट भी साझा की है। करीब 5 घंटे पहले डाली गई पोस्ट में उन्होंने कहा है कि मां पार्वती के आशीर्वाद से अमृतसर को दिए गए वचन का मान रखने के लिए मैंने जो घर बनाया था। इसके बारे में लोगों ने कहा था कि चुनाव के बाद मैं एक प्रवासी पक्षी बन जाऊंगा। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि मैं यहीं रहूंगा। एमपी के तौर पर दो कार्यकाल पूरे होने के बाद भी वह वादा पूरा नहीं हो पाया था। नवरात्रि के दिन मुझे बाहर निकलकर कुछ नया संकेत मिला। बिग बॉस से लेकर स्टार प्लस के साथ हिंदी कमेंट्री तक और फिर कपिल शर्मा शो तक मैंने 2022 में यह सफर शुरू किया और 2024 में उनकी कृपा से उसे पूरा किया। राजनीति में एक भी पैसा नहीं लिया। सिर्फ अपनी मेहनत की कमाई से यह सब मिला। मेरे पिता द्वारा बनाया गया मेरा पुश्तैनी घर बेटे करन को मिलेगा और अमृतसर वाला घर राबिया को मिलेगा। एक एकड़ से अधिक में बना है अमृतसर का घर
नवजोत सिंह सिद्धू का अमृतसर वाला घर लगभग 49500 वर्ग फीट (1.1 एकड़) से अधिक में बना हुआ है। जो कि वर्ष 2014-15 में करीब 25 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ था। यह घर अमृतसर के पॉश इलाके में स्थित है। इसमें स्विमिंग पूल, जिम, स्पा और एक शानदार मंदिर भी है। जिसमें 100 से 600 साल पुराने पेड़ चेन्नई, गोवा और बेंगलुरु से लाकर लगाए गए हैं। सिंगापुर से मंगवाया गया था शिवलिंग 2014 में जब सिद्धू परिवार ने गृह-प्रवेश किया था, तो उस समय यहां स्थापित किया गया शिवलिंग भी सुर्खियों में रहा था। इस शिवलिंग को सिंगापुर से मंगवाया गया। इसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए है। इस पूजा के लिए अलग-अलग जगहों से पंडितों को भी बुलाया गया था। इस पूजा में सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू भी उनके साथ मौजूद थीं। इसके साथ ही, इस घर में बने मंदिर में माता गायत्री, भगवान गणेश और दूसरे भगवानों की कीमती मूर्तियां भी लगाई गई हैं। एक दूसरे कमरे में श्री गुरुग्रंथ साहिब रखे गए हैं। 16 मार्च को आए थे मोहाली लेकिन नहीं की राजनीतिक बात नवजोत सिंह सिद्धू 16 मार्च को मोहाली की एक निजी यूनिवर्सिटी में आए थे। वह यहां कपिल शर्मा शो के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। लेकिन उन्होंने राजनीति से जुड़ी कोई बात नहीं की। हालांकि कपिल शर्मा ने मजाक के अंदाज में कहा कि इस बार वोट नवजोत सिद्धू को ही डालना। इस पर सिद्धू हंस पड़े। इसके बाद कपिल शर्मा ने सिद्धू को गले लगाया।