नशा रोकने पर घर में घुसकर गाड़ी के शीशे तोड़े:हथियारों से हमला नशा बेचने का विरोध करना पड़ा भारी, परिवार में दहशत

जालंधर के काला सिंघा रोड इलाके में नशा कारोबार का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और तेजधार हथियारों के साथ हमला किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने इलाके में चल रहे नशे के कारोबार का विरोध किया था, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। परिवार ने बताया कि हमलावरों की संख्या 5 से 7 के करीब थी और उनके पास हथियार भी थे। घर में घुसकर की तोड़फोड़, महिला भी थीं साथ पीड़ितों के अनुसार, हमलावर देर रात करीब 10 बजे के आसपास घर के अंदर घुसे और खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। गाड़ियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए गए। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान एक महिला भी आरोपियों के साथ मौजूद थी। नशा रोकने पर हमला, पहले भी हो चुका विवाद पीड़ित युवक ने बताया कि दोपहर में भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनके पिता ने आरोपियों को नशा बेचने और युवाओं को चिट्टे की लत लगाने से रोकने को कहा था। इसके बाद आरोपी भड़क गए और रात को हमला कर दिया। परिवार बोला- प्रशासन साथ दे, नहीं तो अपनी सुरक्षा खुद करेंगे पीड़ित परिवार का कहना है कि पंजाब सरकार एक तरफ नशा मुक्त अभियान चला रही है, लेकिन जो लोग नशे के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है। परिवार ने कहा कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो उन्हें अपनी सुरक्षा खुद करनी पड़ेगी। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तोड़फोड़ और हथियारों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *