पटना जिले के पिपलावां थाना क्षेत्र के नसोपुर गांव में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि तीन भैंसों की चोरी हो गई। अज्ञात चोर दिलीप कुमार के दालान से भैंसें चुराकर एक पिकअप वाहन से फरार हो गए। इस घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। सोमवार रात दिलीप कुमार ने अपनी भैंसों को दालान में बांधा था। मध्य रात्रि के आसपास जब उनकी नींद खुली और वे दालान की ओर गए, तो उन्होंने तीनों भैंसों को गायब पाया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने रात में ही आसपास के इलाकों में भैंसों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में, पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक पिकअप वाहन संदिग्ध अवस्था में जाते हुए दिखाई दिया, जिससे आशंका है कि चोर उसी वाहन में भैंसों को ले गए। पीड़ित दिलीप कुमार ने बताया कि भैंसें उनके परिवार की आय का मुख्य साधन थीं। तीन भैंसों की चोरी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पशुओं को बरामद करने की मांग की है। मंगलवार को इस संबंध में पीपलावां थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। थाना के अपर थाना प्रभारी संजय कुमार ने पुष्टि की कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाल के दिनों में पशु चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों की सख्ती से जांच करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।