फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवाला के युवक की नहर में गिरने से मौत हो गई। युवक गांव के पूर्व सरपंच का बेटा था। युवक गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन का पता करने दूसरे गांव में गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। आज शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। नहर पर गया था पानी पीने जानकारी के अनुसार, गांव ब्राह्मणवाला के पूर्व सरपंच जरनैल सिंह का बेटा गुरदास (35) शुक्रवार शाम को गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन का पता करने गांव नंगल गए थे। वह जब नंगल और हाकमवाला के बीच अपने खेत में पानी पीने के लिए एक छोटी नहर के पास गया, तो अचानक उसका पैर फिसल गया। इसी के साथ वह नहर में गिर गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण गुरदास संभल नहीं पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई। जब गुरदास काफी देर तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। इसके बाद उसके नहर में गिरने का पता चला। फिर परिजनों व ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम को गुरदास का शव नंगल गांव के पास छोटी नहर के किनारे मिला। 11वीं तक पढ़ा लिखा, खेतीबाड़ी करता था परिजनों के अनुसार, गुरदास पूर्व सरपंच का इकलौता बेटा था। उसने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की हुई थी। इसके बाद वह खेतीबाड़ी का काम करने लगा। वह अविवाहित था।